24.1 C
Ranchi
Monday, September 14, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaघर में सो रही 70 वर्षीय महिला की टांगी से वार कर...

घर में सो रही 70 वर्षीय महिला की टांगी से वार कर हत्या, दो संदिग्ध हिरासत में

गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया

गुमला: गुरदरी थाना क्षेत्र के ऊपर अरंगलोया गांव में घर में सो रही 70 वर्षीय जयमुनी देवी की टांगी से वार कर हत्या कर दी गई। देर रात हुई इस वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में झिरगा उरांव और चामा उरांव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

सोते समय सिर पर किया वार

मृतका के बेटे महेंद्र उरांव के अनुसार, शुक्रवार शाम जयमुनी देवी शराब पीने के बाद गांव के ही केश्वर भगत के घर में सोने गई थीं। रात करीब 10 बजे झिरगा उरांव और चामा उरांव वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने टांगी से जयमुनी देवी के सिर पर वार किया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

बताया गया कि घटना के दौरान घर में सो रहे केश्वर भगत पर भी हमला करने की कोशिश की गई। हालांकि, वह किसी तरह वहां से भागकर पड़ोसी के घर पहुंचा और घटना की जानकारी दी। इसके बाद गांव के प्रधान और मुखिया को सूचना दी गई।

हत्या की वजह अभी साफ नहीं

सूचना मिलने के बाद गुरदरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से पूछताछ की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, अंधविश्वास या डायन-बिसाही से जुड़ा कोई विवाद था या कोई दूसरा कारण, इसका अब तक स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

जयमुनी देवी के पति की पहले ही मौत हो चुकी है। उनके चार बेटे और एक बेटी हैं। चार बेटों में तीन दूसरे प्रदेशों में मजदूरी करते हैं, जबकि एक बेटा महेंद्र उरांव गांव में ही रहता है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading