23.1 C
Ranchi
Tuesday, September 15, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGomiaगोमिया की 36 पंचायतों में कांग्रेस संगठन को धार देने की तैयारी,...

गोमिया की 36 पंचायतों में कांग्रेस संगठन को धार देने की तैयारी, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर

न्यूज – कहकशां फारूकी 

गोमिया। गोमिया प्रखंड में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है। मंगलवार को प्रखंड अध्यक्ष पंकज पांडेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी 36 पंचायतों में संगठन को सक्रिय करने, पंचायत कमेटियों में जरूरी बदलाव करने और महिलाओं को संगठन में अधिक जिम्मेदारी देने पर चर्चा हुई।

बैठक में जिला अध्यक्ष जवाहर लाल महथा, जिला महासचिव सुबोध सिंह पवार, जिला प्रवक्ता अजय कुमार सिंह, अजय यादव और कृष्णा निषाद समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। नेताओं ने कहा कि गोमिया की सभी 36 पंचायतों में संगठन को मजबूत करने के लिए ठोस पहल की जाएगी। जिन पंचायत कमेटियों में बदलाव की जरूरत है, वहां आवश्यकतानुसार फेरबदल किया जाएगा। साथ ही महिलाओं की भागीदारी बढ़ाकर उन्हें संगठन में सक्रिय जिम्मेदारियां देने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में कार्यकर्ताओं से कांग्रेस की विचारधारा, नीतियों और सिद्धांतों को गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि पार्टी नेतृत्व, खासकर राहुल गांधी, ने कार्यकर्ताओं पर जो भरोसा जताया है, उसे जमीन पर उतारना संगठन की जिम्मेदारी है। इसके लिए पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करना जरूरी है।

बैठक में कांग्रेस के ऐतिहासिक योगदान का भी जिक्र किया गया। वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने देश की आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, गोमिया से लक्ष्मण मांझी के कांग्रेस के पहले विधायक बनने का भी उल्लेख किया गया।

इस दौरान भाजपा की कथित जनविरोधी नीतियों और धर्म के नाम पर राजनीति को लेकर भी कांग्रेस नेताओं ने निशाना साधा। कार्यकर्ताओं से जनता के बीच आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश लेकर जाने की अपील की गई। नेताओं ने कहा कि नफरत के बाजार में मोहब्बत का पैगाम लेकर कांग्रेस को आम लोगों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करनी है।

बैठक के दौरान नवाज शरीफ के नेतृत्व में मोहम्मद अफरीदी, हरमत राय और बबलू ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नए सदस्यों का स्वागत किया और संगठन को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।

बैठक में प्रखंड उपाध्यक्ष अभय सिन्हा, बद्री प्रसाद, लाल बच्चन, अमित कुमार और अखलाक अहमद समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक का संचालन कृष्णा सिंह ने किया।

 


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading