23.1 C
Ranchi
Tuesday, September 15, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGomiaएक साथ तीन शिक्षकों को मिला गुरु वशिष्ठ सम्मान, पिट्स मॉडर्न स्कूल...

एक साथ तीन शिक्षकों को मिला गुरु वशिष्ठ सम्मान, पिट्स मॉडर्न स्कूल में खुशी का माहौल

न्यूज – कहकशां फारूकी

गोमिया। पिट्स मॉडर्न स्कूल, गोमिया के लिए शनिवार का दिन खास रहा। डॉ. एस. राधाकृष्णन सहोदया कॉम्प्लेक्स, बोकारो की ओर से 12 सितंबर 2026 को आयोजित गुरु वशिष्ठ सर्वश्रेष्ठ शिक्षक सम्मान समारोह में विद्यालय के तीन शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक आई. के. झा, के. सी. शुक्ला और शिक्षिका निलंजना दास गुप्ता को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान, समर्पण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिन्हा, आईपीएस ने तीनों शिक्षकों को प्रमाण-पत्र, शॉल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में शिक्षा जगत से जुड़े शिक्षाविद और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि ने सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके शिक्षण के प्रति समर्पण और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

एक ही विद्यालय के तीन शिक्षकों को एक साथ गुरु वशिष्ठ सर्वश्रेष्ठ शिक्षक सम्मान मिलना पिट्स मॉडर्न स्कूल के लिए गौरव की बात है। विद्यालय परिवार ने इसे शिक्षकों की मेहनत, निष्ठा और विद्यार्थियों को ज्ञान, संस्कार और सही दिशा देने की उनकी निरंतर प्रतिबद्धता का सम्मान बताया।

विद्यालय के प्राचार्य बृजमोहन लाल दास ने तीनों शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान देने तक सीमित नहीं होते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उनके सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि समाज और देश के विकास में शिक्षकों की भूमिका बेहद अहम है।

वहीं आईईपीएल (ओरिका), गोमिया के महाप्रबंधक अभिषेक विश्वास और गोमिया प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष अरिंदम दास गुप्ता ने भी सम्मानित शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि तीनों शिक्षकों का शिक्षण के प्रति समर्पण और सेवा सच्चे शैक्षिक मूल्यों का उदाहरण है। युवा पीढ़ी के भविष्य को संवारने में उनका योगदान महत्वपूर्ण है। उनकी मेहनत, निष्ठा और प्रेरणादायक कार्यशैली ने विद्यालय के शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाई है।

तीन शिक्षकों को एक साथ मिले इस सम्मान से पिट्स मॉडर्न स्कूल के शिक्षक, विद्यार्थी और पूरा विद्यालय परिवार उत्साहित है।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading