23.1 C
Ranchi
Sunday, September 20, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGomiaगोमिया में खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ प्रदर्शन, मंत्री योगेंद्र प्रसाद बोले-...

गोमिया में खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ प्रदर्शन, मंत्री योगेंद्र प्रसाद बोले- झारखंड के संसाधनों पर जनता का पहला अधिकार

न्यूज – कहकशां फारूकी 

गोमिया: खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक के विरोध में शनिवार को गोमिया में झामुमो की ओर से एक दिवसीय प्रखंड स्तरीय धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद शामिल हुए। गोमिया प्रखंड की अलग-अलग पंचायतों और क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष भी प्रदर्शन में पहुंचे।

धरना को संबोधित करते हुए मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि संशोधन विधेयक के जरिए झारखंड के खनिज संसाधनों और राज्य के अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है।

‘जल, जंगल, जमीन और खनिज पर झारखंड का हक’

मंत्री ने कहा कि झारखंड देश के प्रमुख खनिज संपदा वाले राज्यों में शामिल है। ऐसे में राज्य के प्राकृतिक संसाधनों पर पहला अधिकार यहां की जनता का होना चाहिए। उन्होंने कहा कि खनिज से मिलने वाला राजस्व राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण है।

योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि अगर खनिज राजस्व प्रभावित होता है, तो इसका असर गरीब और जरूरतमंद परिवारों पर पड़ सकता है। उन्होंने मंईयां सम्मान योजना, पेंशन, स्वास्थ्य, शिक्षा और अबुआ आवास जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन योजनाओं से बड़ी संख्या में लोग जुड़े हुए हैं।

‘यह सिर्फ राजनीतिक विरोध का मुद्दा नहीं’

मंत्री ने कहा कि खनिज संशोधन विधेयक का विरोध केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं है, बल्कि यह झारखंड के हक, अधिकार और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा से जुड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि झारखंड अपने जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा से जुड़े अधिकारों से समझौता नहीं करेगा।

उन्होंने कहा कि झामुमो इस मुद्दे को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से सड़क से लेकर सदन तक अपनी आवाज उठाता रहेगा और संशोधन विधेयक को वापस लेने की मांग जारी रखेगा।

राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

धरना-प्रदर्शन के दौरान मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने गोमिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी को राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में खान एवं खनिज संशोधन विधेयक का विरोध करते हुए इसे वापस लेने की मांग की गई।

कार्यक्रम में झामुमो बोकारो जिला सहसचिव सह विधायक प्रतिनिधि अमित पासवान, गोमिया प्रखंड अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि लूदू मांझी, मुखिया संघ अध्यक्ष तेजलाल महतो, मुखिया शांति देवी, बंटी उरांव, अंशु कुमारी, जुबेदा खातून, रियाज अंसारी, अनारकली, पूर्व मुखिया धनंजय सिंह, चंद्रदीप पासवान, प्रखंड कोषाध्यक्ष घनश्याम महतो, मुमताज आलम, संतोष साव, गणेश यादव, हेमू यादव, बद्री पासवान, यासमीन परवीन, ललिता देवी, संतोष राम, ललन केवट, रामचंद्र ठाकुर, राजू शाह, विक्की गंझू, दीपक रजक, पोलूश टुडू, ऐनुल अंसारी और विक्रम डे समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading