24.1 C
Ranchi
Sunday, September 27, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaमहिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के संकल्प के साथ संपन्न हुआ संयुक्त वार्षिक...

महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के संकल्प के साथ संपन्न हुआ संयुक्त वार्षिक आमसभा

न्यूज – कहकशां फारुकी

गोमिया_ गोमिया प्रखंड के छह आजीविका महिला संकुल संगठनों (CLF) की संयुक्त पहल पर शनिवार को संयुक्त वार्षिक आमसभा (AGM) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ी महिलाएं शामिल हुईं।
आमसभा में जिला परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी, गोमिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी, ललपनिया थाना प्रभारी, प्रखंड एंकर पर्सन सावित्री देवी, JSLPS के BPM राहुल रंजन पांडेय, जिला से आए JSLPS के SMIB विक्रांत सहित छह CLF के सामुदायिक समन्वयक, IPRP, अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष एवं लेखापाल मौजूद रहे।
उपलब्धियों की समीक्षा और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा
आमसभा का मुख्य उद्देश्य वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वयं सहायता समूहों एवं संकुल संगठनों द्वारा किए गए कार्यों और उपलब्धियों की समीक्षा करना तथा आगामी वर्ष के लिए वार्षिक कार्ययोजना तैयार करना रहा।
इस दौरान सभी छह CLF की ओर से वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। इसमें SHG के गठन एवं सुदृढ़ीकरण, बैंक लिंकेज, वित्तीय समावेशन, आजीविका गतिविधियों, महिला उद्यमिता, सरकारी योजनाओं से जुड़ाव तथा सामुदायिक संस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में किए गए कार्यों की जानकारी दी गई।
CIF राशि के रोटेशन की दी गई जानकारी
कार्यक्रम में CIF (Community Investment Fund) की राशि के रोटेशन प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि सामुदायिक निवेश निधि के माध्यम से SHG सदस्यों को विभिन्न आजीविका एवं आयवर्धक गतिविधियों के लिए वित्तीय सहयोग दिया जाता है। ऋण की राशि वापस होने के बाद उसका दोबारा उपयोग अन्य पात्र सदस्यों को सहयोग देने में किया जाता है।
इससे सामुदायिक पूंजी का निरंतर उपयोग संभव होता है और अधिक से अधिक महिलाओं को आजीविका गतिविधियों से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलती है।
गीत-नृत्य से दिया महिला सशक्तिकरण और नशामुक्ति का संदेश
आमसभा के दौरान SHG की दीदियों और बच्चों ने गीत एवं नृत्य की आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता और नशामुक्ति का संदेश दिया गया।
एक बच्ची द्वारा अपने पिता से शराब छोड़ने और परिवार को नशामुक्त रखने की अपील करते हुए प्रस्तुत किया गया नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। भावपूर्ण प्रस्तुति की अतिथियों और उपस्थित महिलाओं ने सराहना की।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
मुख्य अतिथि मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए आजीविका एवं रोजगार के नए अवसरों से जोड़ना जरूरी है।
आमसभा में CLF की संस्थागत मजबूती, पारदर्शिता, वित्तीय अनुशासन और सामुदायिक भागीदारी को और मजबूत करने का संकल्प लिया गया। महिलाओं ने आगामी वर्ष के निर्धारित लक्ष्यों को सामूहिक प्रयास से पूरा करने और अधिक से अधिक महिलाओं को आत्मनिर्भरता की राह से जोड़ने की प्रतिबद्धता जताई।
अंत में आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक पदाधिकारियों, JSLPS के अधिकारियों-कर्मचारियों, CLF पदाधिकारियों, सामुदायिक समन्वयकों, IPRP एवं सभी SHG की दीदियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading