22.1 C
Ranchi
Tuesday, September 29, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaगुमला में 1 अक्टूबर से लगेगी भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी, 9 स्कूलों में...

गुमला में 1 अक्टूबर से लगेगी भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी, 9 स्कूलों में विद्यार्थियों को मिलेगा प्रयोग का मौका

न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया 

जल, रसायन विज्ञान और जीवन पर केंद्रित होगी प्रदर्शनी; जिले के कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों की होगी भागीदारी

गुमला: जिले के विद्यार्थियों को विज्ञान को सिर्फ किताबों में पढ़ने के बजाय उसे प्रयोग और गतिविधियों के जरिए समझने का मौका मिलेगा। इसके लिए गुमला में 1 अक्टूबर से एक माह तक भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद, कोलकाता की ओर से उपलब्ध कराई जा रही विज्ञान प्रदर्शनी बस जिले के 9 चयनित विद्यालयों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार पहुंचेगी।

इस पहल का उद्देश्य माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा, प्रयोगशीलता और नवाचार की भावना को बढ़ावा देना है। प्रत्येक आयोजन स्थल पर संबंधित प्रखंड के अन्य उच्च एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को भी प्रदर्शनी में शामिल कराया जाएगा।

जल, रसायन विज्ञान और जीवन को समझेंगे विद्यार्थी

इस वर्ष भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी का विषय ‘जल पर केंद्रित रसायन विज्ञान और जीवन’ रखा गया है। प्रदर्शनी के जरिए विद्यार्थियों को यह समझने का अवसर मिलेगा कि जल और रसायन विज्ञान का हमारे दैनिक जीवन से क्या संबंध है।

इसके साथ ही स्कूलों में जल की गुणवत्ता, स्वच्छ एवं सुरक्षित पानी, जल संरक्षण और दैनिक जीवन में विज्ञान की भूमिका जैसे विषयों पर गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थियों को विषय से जुड़े मॉडल और प्रयोग तैयार करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

नोडल पदाधिकारी सह जिला शिक्षा पदाधिकारी कविता खलखो ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों को विज्ञान को समझने, प्रयोग करने और उसे अपने जीवन से जोड़ने का अवसर देना है। इसके लिए प्रदर्शनी से पहले और बाद में विज्ञान आधारित गतिविधियां, प्रयोग, प्रश्नोत्तरी, मॉडल निर्माण और प्रस्तुतीकरण जैसी गतिविधियां भी कराई जाएंगी।

9 स्कूलों में पहुंचेगी विज्ञान प्रदर्शनी बस

जिला शिक्षा अधीक्षक नूर आलम खां के अनुसार, निर्धारित रोस्टर के तहत विज्ञान प्रदर्शनी बस जिले के 9 चयनित विद्यालयों में पहुंचेगी। संबंधित स्कूल अपने प्रखंड के दूसरे उच्च और उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों के भ्रमण और गतिविधियों में भागीदारी की व्यवस्था करेंगे।

निर्धारित तिथि पर विद्यार्थियों को प्रदर्शनी देखने के साथ-साथ वहां होने वाली विज्ञान गतिविधियों में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा। विद्यार्थियों के साथ संबंधित शिक्षक-शिक्षिकाओं की मौजूदगी और निगरानी भी सुनिश्चित की जाएगी।

प्रदर्शनी के लिए स्कूलों में शुरू होगी तैयारी

जिला परियोजना कार्यालय के नामित पदाधिकारी सह बीपीओ दिलदार सिंह ने बताया कि सभी प्रखंडों को विद्यालयवार भ्रमण रोस्टर तैयार कर तत्काल जारी करने और विद्यार्थियों को पहले से प्रदर्शनी के बारे में जानकारी देने का निर्देश दिया गया है।

चयनित विद्यालयों में बिजली की व्यवस्था, प्रदर्शनी बस के चालक और कर्मियों के रात्रि ठहराव तथा बस की सुरक्षित पार्किंग समेत अन्य जरूरी तैयारियां पूरी की जाएंगी। प्रदर्शनी बस के प्रखंड में पहुंचने के पहले दिन प्रखंड विकास पदाधिकारी या किसी अन्य वरीय पदाधिकारी की मौजूदगी में झंडी दिखाकर इसका शुभारंभ भी किया जाएगा। आयोजन से जुड़ी तस्वीरें और गतिविधियों की जानकारी स्थानीय मीडिया के साथ साझा करने का भी निर्देश दिया गया है।

उपायुक्त दिलेश्वर महतो की पहल के तहत आयोजित यह प्रदर्शनी विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने के साथ सवाल पूछने, प्रयोग करने, तर्क करने और खुद सीखने का अवसर देगी। इससे स्कूलों में विज्ञान की पढ़ाई को गतिविधि और अनुभव से जोड़ने की कोशिश की जा रही है।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading