22.1 C
Ranchi
Thursday, October 1, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaजूनियर महिला एशिया कप में सोना जीतकर गुमला की पार्वती टोपनो ने...

जूनियर महिला एशिया कप में सोना जीतकर गुमला की पार्वती टोपनो ने बढ़ाया झारखंड का मान, समाहरणालय में हुआ सम्मान

न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया 

गुमला: कामडारा जैसे ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर अंतरराष्ट्रीय हॉकी में पहचान बनाने वाली गुमला की पार्वती टोपनो ने जिले का नाम रोशन किया है। चीन के मोकी में आयोजित जूनियर महिला एशिया कप 2026 में भारतीय टीम का हिस्सा रहीं पार्वती ने स्वर्ण पदक जीता। उनकी इस उपलब्धि पर गुमला जिला प्रशासन ने उन्हें और उनके माता-पिता को सम्मानित किया।

समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त दिलेश्वर महतो और उप विकास आयुक्त अनिमेश रंजन ने पार्वती टोपनो के साथ उनके माता-पिता सोमा टोपनो और जानो टोपनो को सम्मानित किया। मौके पर जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार भी मौजूद रहे।

इस दौरान पार्वती के परिवार को बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना का लाभ भी प्रदान किया गया। उपायुक्त ने परिवार को आगे भी हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही।

2017 में शुरू किया हॉकी का सफर

पार्वती टोपनो का जन्म 25 नवंबर 2007 को हुआ। उन्होंने वर्ष 2017 में कामडारा डे-बोर्डिंग सेंटर से हॉकी का प्रशिक्षण शुरू किया था। इसके बाद 18 जून 2018 को उन्होंने बरियातू सेंटर में प्रशिक्षण लेना शुरू किया और करीब छह वर्षों तक वहां अभ्यास किया।

21 मार्च 2024 को पार्वती ने मोराबादी स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रवेश लिया। फिलहाल वह 18 फरवरी 2025 से बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में प्रशिक्षण हासिल कर रही हैं।

लगातार प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के बाद पार्वती को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला। वह इससे पहले जूनियर महिला विश्व कप 2025, सैंटियागो, चिली में भी भारतीय टीम का हिस्सा रह चुकी हैं। इसके बाद जूनियर महिला एशिया कप 2026 में उन्होंने भारतीय टीम के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

उपायुक्त ने कहा- ग्रामीण खिलाड़ियों के लिए पार्वती प्रेरणा

उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने पार्वती की उपलब्धि को जिले के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन के दम पर पार्वती ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने जिले के दूसरे युवा खिलाड़ियों से भी पार्वती की सफलता से प्रेरणा लेकर खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की अपील की।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन प्रतिभावान खिलाड़ियों को जरूरी सहयोग और प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही पात्र परिवारों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना भी प्रशासन की प्राथमिकता है।

उप विकास आयुक्त अनिमेश रंजन ने कहा कि पार्वती ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से जिले का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनकी सफलता यह दिखाती है कि ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और सही अवसर मिलने पर वे बड़े स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।

पार्वती की उपलब्धि से उनके परिवार के साथ-साथ कामडारा प्रखंड और जिले के खेल प्रेमियों में खुशी है। जिला प्रशासन ने उनके उज्ज्वल भविष्य और आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी हैं।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading