23.1 C
Ranchi
Thursday, October 15, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaसांसद सुखदेव भगत की अध्यक्षता में जिला स्तरीय दिशा की बैठक संपन्न,...

सांसद सुखदेव भगत की अध्यक्षता में जिला स्तरीय दिशा की बैठक संपन्न, विकास योजनाओं की समीक्षा कर समयबद्ध क्रियान्वयन के दिए निर्देश

गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख- गणपत लाल चौरसिया

पेयजल, सड़क सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि एवं आधारभूत संरचना से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जनहित की योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर धरातल पर उतारने का निर्देश

गुमला : – गुमला जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय सभागार में बुधवार को सांसद, लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र सह अध्यक्ष, जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) सुखदेव भगत की अध्यक्षता में जिला स्तरीय दिशा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन ने पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन प्रतिवेदन की जानकारी प्रस्तुत की। इसके पश्चात सांसद ने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पूर्व निर्देशों के अनुपालन एवं विभागीय समन्वय पर जोर

सांसद सुखदेव भगत ने सभी विभागों को पूर्व की बैठकों में दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अनुपालन प्रतिवेदन में केवल औपचारिक जानकारी देने के बजाय प्रत्येक बिंदु पर की गई कार्रवाई, वर्तमान स्थिति एवं आगे की कार्ययोजना का स्पष्ट उल्लेख किया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने तथा बिना पूर्व अनुमति के बैठक में अनुपस्थित नहीं रहने की बात कही।

एनएचएआई के कार्यों एवं सड़क सुरक्षा की समीक्षा

राष्ट्रीय उच्च पथ एवं एनएचएआई से संबंधित कार्यों की समीक्षा के दौरान नाबालिग बच्चे की मृत्यु से जुड़े मामले में पूर्व निर्देशों के अनुपालन की जानकारी ली गई। पलमा-गुमला बाईपास पर सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।

बैठक में एन एच ए आइ पर प्रत्येक 500 मीटर पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के पूर्व निर्देश की समीक्षा करते हुए सांसद ने निर्धारित स्थलों पर कैमरे लगाने तथा पहले से स्थापित कैमरों को क्रियाशील कराने का निर्देश दिया। गुमला बाईपास में काटे गए वृक्षों के एवज में लगभग 45,000 पौधे लगाने के लक्ष्य पर भी चर्चा हुई। पौधारोपण के लिए वन विभाग को राशि हस्तांतरित किए जाने की जानकारी विभाग द्वारा दी गई।

पेयजल एवं खनन प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान का निर्देश

खनन प्रभावित क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा के दौरान कुछ क्षेत्र में पेयजल के लिए कुआं निर्माण का कार्य लंबित रहने का मुद्दा उठाया गया। सांसद ने इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए हिंडालको कंपनी को संबंधित कार्य को सीएसआर मद से नवंबर माह तक पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पेयजल आम नागरिकों की प्राथमिक आवश्यकता है और इससे जुड़े कार्यों में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कृषि, उद्यानिकी एवं महिला स्वयं सहायता समूहों की समीक्षा

कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान पाट क्षेत्रों में पपीता की खेती को बढ़ावा देने तथा किसानों को विभिन्न कृषि योजनाओं के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया गया। मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना को प्रभावी बनाने के संबंध में जिला कृषि पदाधिकारी ने किसान गोष्ठियों के माध्यम से किसानों को मिट्टी की गुणवत्ता एवं उसमें सुधार के उपायों की जानकारी देने की बात कही।

स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को ऋण उपलब्ध कराने, सिविल स्कोर एवं ऋण संबंधी दिशा-निर्देशों पर भी चर्चा हुई। सांसद ने संबंधित अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों को पात्र महिला समूहों को योजनाओं का लाभ दिलाने तथा ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करने का निर्देश दिया।

जरेडा की हाईमास्ट लाइटों एवं नगर परिषद के कार्यों पर नाराजगी

बैठक में रायडीह सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जरेडा द्वारा स्थापित हाईमास्ट लाइटों के खराब होने एवं समय पर मरम्मत नहीं किए जाने का मुद्दा उठाया गया। सांसद ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित एजेंसी से पत्राचार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा खराब लाइटों की मरम्मत कराने का निर्देश दिया।

नगर परिषद के कार्यों की समीक्षा के दौरान कथित अनियमितताओं, टावर चौक के नवीनीकरण, पेयजल मीटर एवं शहरी तालाबों के सौंदर्यीकरण पर चर्चा हुई। सांसद ने स्पष्ट कहा कि सभी कार्य निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं के अनुरूप होने चाहिए। साथ ही जुडको की परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने तथा कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

*स्वास्थ्य सेवाओं एवं रक्तदान अभियान को प्रभावी बनाने पर जोर*

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान रक्तदान शिविरों के आयोजन एवं एंबुलेंस व्यवस्था पर चर्चा हुई। सांसद ने निर्देश दिया कि रक्तदान शिविरों की पूर्व सूचना जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित लोगों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके और पर्याप्त रक्त संग्रह किया जा सके। सिविल सर्जन ने अतिरिक्त एंबुलेंस की आवश्यकता से भी अवगत कराया।

*शिक्षा, छात्रावास एवं अन्य विकास योजनाओं की समीक्षा*

बैठक में एकलव्य विद्यालय की अद्यतन स्थिति तथा सरकारी छात्रावासों में विद्यार्थियों के रहने, देखरेख एवं उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की गई। सांसद ने छात्रावासों की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने तथा विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

इसके अतिरिक्त मनरेगा, जलछाजन, भवन निर्माण, भूमि विवाद, ऑनलाइन म्यूटेशन एवं खेलो इंडिया सहित विभिन्न योजनाओं एवं विषयों पर चर्चा हुई। एथलेटिक्स डे-बोर्डिंग सेंटर की स्थिति की भी समीक्षा की गई। सांसद ने संबंधित विभागों को लंबित मामलों का नियमानुसार निष्पादन करने तथा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

*जनहित के कार्यों में जवाबदेही एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें : सांसद*

बैठक के समापन पर सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि दिशा समिति विभिन्न विभागों एवं जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति देने का महत्वपूर्ण मंच है। सभी विभाग बैठक में उठाए गए मुद्दों पर गंभीरता से कार्रवाई करें तथा समय पर तथ्यपरक अनुपालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि पेयजल, सड़क सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मिलकर कार्य करें, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।

बैठक में मुख्य रूप से उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो, पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमा, जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी अहमद बेलाल अनवर, जिला परिषद अध्यक्ष किरण माला बाड़ा, उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन, अपर समाहर्ता राजीव नीरज, सिविल सर्जन डॉ. शंभूनाथ चौधरी, नगर परिषद उपाधीक्षक रमेश कुमार चीनी,सभी अनुमंडल पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, दिशा समिति के सदस्यगण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading