29.8 C
Ranchi
Thursday, July 2, 2026
Advertisement
Home Blog Page 39

कामडारा में आयोजित अंचल दिवस में उपायुक्त पहुंचे, जमीन संबंधी मामलों का ऑन – द – स्पॉट समाधान

0

गुमला (ब्यूरो प्रमुख ) – गणपत लाल चौरसिया

गुमला : – गुमला जिले के कामडारा प्रखंड में शनिवार को आयोजित *अंचल दिवस* कार्यक्रम में उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो शामिल हुए। इस दौरान अपर समाहर्ता शशिंद्र कुमार बड़ाइक, अनुमंडल पदाधिकारी (बसिया) जयवंती देवगम, अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी कामडारा सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

अंचल दिवस के अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जिनमें अधिकांश मामले जमीन से संबंधित थे। कार्यक्रम के दौरान राजस्व एवं भूमि से जुड़े मामलों की सुनवाई करते हुए कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, वहीं शेष जटिल मामलों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

ग्रामीणों ने भूमि मापी, दाखिल-खारिज, रसीद निर्गमन एवं सीमांकन जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से रखीं। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व से जुड़े मामलों का निष्पादन पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो।

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अंचल दिवस जैसे कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, जिससे समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान संभव हो सके।

इस अवसर पर उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने कहा कि “अंचल दिवस के माध्यम से हम लोगों तक प्रशासन की पहुंच को और मजबूत बना रहे हैं। जमीन से जुड़े मामले आम लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं, इसलिए इनका समय पर समाधान हमारी प्राथमिकता है। आज कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया है, और शेष मामलों को भी शीघ्रता से सुलझाने का निर्देश दिया गया है। हमारा प्रयास है कि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें एक ही स्थान पर समाधान मिल सके।”

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करें।

कार्यक्रम के दौरान प्रशासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई तथा उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

राम भक्तों के लिए

उपायुक्त द्वारा कामडारा प्रखंड के कारीचुआं गांव में विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित

0

गुमला (ब्यूरो प्रमुख ) – गणपत लाल चौरसिया

जल समस्या समाधान, आजीविका संवर्धन एवं आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण को लेकर दिए गए महत्वपूर्ण निर्देश

गुमला : – गुमला उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो द्वारा कामडारा प्रखंड अंतर्गत सुरहू पंचायत के सुदूरवर्ती ग्राम कारीचुआं में विकासात्मक योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता शशिंद्र कुमार बड़ाइक सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

गांव आगमन पर ग्रामीणों एवं महिला मंडल की दीदियों द्वारा उपायुक्त एवं अन्य अधिकारियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इसके पश्चात आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में महिला मंडल की प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों द्वारा गांव की सामाजिक-आर्थिक स्थिति, आजीविका के साधनों तथा प्रमुख समस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराया गया।

ग्रामीणों ने विशेष रूप से पेयजल संकट, सड़क निर्माण, सामुदायिक भवन की आवश्यकता एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी से संबंधित समस्याएं रखीं। उपायुक्त ने सभी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आजीविका के क्षेत्र में संभावनाओं को बढ़ाने पर जोर

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पाया कि क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थिति के अनुरूप लाह की खेती, बकरी पालन एवं मधुमक्खी पालन में व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने एनजीओ “प्रदान” को लाह उत्पादन को परंपरागत स्तर से आगे बढ़ाकर वैज्ञानिक तरीके से स्केल-अप करने, वर्ष में दो बार उत्पादन की संभावनाएं विकसित करने तथा उत्पाद की बाजार उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु उद्यमिता विकास केंद्र से जोड़ने का निर्देश दिया

साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों को बकरी पालन, मुर्गी पालन एवं अन्य आयवर्धक गतिविधियों से जोड़ते हुए उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने की दिशा में कार्य करने को कहा गया।

जल संरक्षण एवं कृषि विकास हेतु निर्देश

उपायुक्त ने क्षेत्र में जल संकट की समस्या को देखते हुए मनरेगा के तहत कूप निर्माण को प्राथमिकता देने का निर्देश प्रखंड विकास पदाधिकारी को दिया। उन्होंने कहा कि जहां बोरिंग एवं चेक डैम संभव नहीं है, वहां वैकल्पिक जल संरक्षण उपायों को अपनाया जाए।

साथ ही सुरहू डैम का निरीक्षण करते हुए मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए केज कल्चर प्रारंभ करने, लिफ्ट इरिगेशन की व्यवस्था विकसित करने तथा किसानों के साथ बैठक कर आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के निर्देश दिए गए।

आवास एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर विशेष ध्यान

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अतिवृष्टि या जंगली हाथियों से क्षतिग्रस्त आवास वाले जरूरतमंद लाभुकों को चिन्हित कर उन्हें आवास योजना से आच्छादित किया जाए।

शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा

क्षेत्र भ्रमण के क्रम में उपायुक्त द्वारा राजकीय मध्य विद्यालय, लोयंगा का निरीक्षण किया गया। उन्होंने विद्यालय में साफ-सफाई, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता एवं बच्चों की पढ़ाई की स्थिति का जायजा लिया तथा शिक्षकों को बच्चों की बुनियादी शिक्षा को मजबूत करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई, सीसीटीवी स्थापना तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों का समय पर निर्गमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

प्रखंड कार्यालय का भी किया निरीक्षण

उपायुक्त ने कामडारा प्रखंड कार्यालय का भी निरीक्षण कर साफ-सफाई व्यवस्था एवं कार्य निष्पादन की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

समस्याओं के समाधान हेतु प्रशासन प्रतिबद्ध

इस अवसर पर उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने कहा कि कारीचुआं जैसे पहाड़ी एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों में विकास कार्यों को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप प्राथमिकता के साथ संचालित किया जा रहा है। जनसंवाद के दौरान पेयजल समस्या प्रमुख रूप से सामने आई है, जिसके समाधान हेतु मनरेगा के तहत कूप निर्माण एवं जल संरक्षण कार्यों को बढ़ावा दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लाह की खेती, बकरी पालन एवं मधुमक्खी पालन के माध्यम से ग्रामीणों की आय बढ़ाने की व्यापक संभावनाएं हैं, जिन पर विशेष रूप से कार्य किया जाएगा। साथ ही सिंचाई सुविधा विकसित कर किसानों को बहु-फसली खेती के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान हेतु प्रशासन प्रतिबद्ध है और सभी संबंधित विभागों के समन्वय से शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों एवं अधिकारियों द्वारा सामूहिक फोटो लिया गया।

राम भक्तों के लिए

एसडीपीओ ने थाना प्रभारियों व इंस्पेक्टरों के साथ की क्राइम मीटिंग

0

न्यूज – कहकशां फारूकी 

गोमिया_बेरमो अनुमंडल में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बशिष्ट नारायण सिंह ने अपने कार्यालय में सभी थाना प्रभारियों एवं इंस्पेक्टरों के साथ क्राइम मीटिंग की। बैठक में पिछले माह में हुई आपराधिक घटनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आगामी रणनीति पर चर्चा की गई।

एसडीपीओ बशिष्ट नारायण सिंह ने कहा कि पुलिस अधीक्षक एवं वरीय अधिकारियों के निर्देश के आलोक में सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता महिला सुरक्षा, लापता व्यक्तियों की खोज तथा आम जनता के साथ बेहतर व्यवहार सुनिश्चित करना है। थाना प्रभारियों को गांवों में जाकर लोगों से सीधा संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनने का निर्देश दिया गया।

क्षेत्र में बढ़ रही चैन छिनैती की घटनाओं पर एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस अपराधियों के काफी करीब पहुंच चुकी है। गोमिया एवं आईईएल क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई छिनैती की घटनाओं को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है। पुलिस टीम संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रख रही है।

बंद घरों में चोरी की घटनाओं को लेकर उन्होंने बताया कि तेनुघाट एवं बीटीपीएस क्षेत्र में कुछ मामले लंबित हैं, जिनका जल्द खुलासा किया जाएगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि हाल के दिनों में चोरी की घटनाओं में शामिल कुछ गिरोहों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। बैठक में लंबित कांडों के निष्पादन और अपराध नियंत्रण को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में गोमिया पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कुमारा,,आईएल श्यामल मंडल, बेरमो सर्किल इंस्पेक्टर नवल किशोर सिंह, बीटीपीएस थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक पिंकू कुमार यादव, जरीडीह इंस्पेक्टर शैलेन्द्र सिंह, बेरमो थाना प्रभारी रोहित कुमार सिंह, चंद्रपुरा थाना प्रभारी विक्रम कुमार समेत अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न थाना एवं ओपी प्रभारी उपस्थित थे।

 

राम भक्तों के लिए

गोमिया प्रखंड मुख्यालय स्थित पशुपालन विभाग परिसर में शुक्रवार को मुख्यमंत्री

0

न्यूज – कहकशां फारूकी 

पशुधन विकास योजना के तहत लाभुकों के बीच छह यूनिट सुकर , एक बोरा सुकर का भोजन खाने पीने के लिए बर्तन का वितरण किया गया। प्रत्येक यूनिट में चार सुकरी एवं एक सुकर प्रदान किया गया। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को बढ़ावा देकर लोगों को आत्मनिर्भर बनाना एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम में उपस्थित प्रखंड विकास पदाधिकारी महादेव कुमार महतो ने लाभुकों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार की मुख्यमंत्री पशुधन योजना ग्रामीण परिवारों के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि सुकर पालन कम लागत में अधिक लाभ देने वाला व्यवसाय है और इससे ग्रामीणों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने लाभुकों से योजना का सही तरीके से लाभ उठाने तथा पशुओं की समुचित देखभाल करने की अपील की।

इस अवसर पर पशुपालन विभाग के चिकित्सक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि विभाग द्वारा लाभुकों को समय-समय पर तकनीकी मार्गदर्शन एवं पशुओं के स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि आधुनिक तरीके से पशुपालन कर ग्रामीण बेहतर आमदनी प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने लाभुकों को पशुओं के टीकाकरण एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।

कार्यक्रम के दौरान लाभुकों में काफी उत्साह देखा गया। मौके पर पशुपालन विभाग के कर्मी, स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

राम भक्तों के लिए

राजस्व कर्मियों पर हमले का मामला प्रशासनिक आश्वासन के बाद हड़ताल बीस दिनों के लिए टली

0

गुमला (ब्यूरो प्रमुख ) – गणपत लाल चौरसिया

गुमला : – गुमला जिला अंतर्गत स्थित चैनपुर अंचल के केड़ेंग गाँव में जमीन सीमांकन के दौरान राजस्व कर्मियों पर हुए हमले और दुर्व्यवहार के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस घटना के विरोध में झारखंड अराजपत्रित कर्मचारी संघ द्वारा शनिवार से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल को प्रशासनिक आश्वासन के बाद फिलहाल 15-20 दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। 29 अप्रैल 2026 को चैनपुर अंचल अंतर्गत केड़ेंग में राजस्व कर्मचारी सुजीत कुमार सिन्हा, अंचल निरीक्षक नरेंद्र सेठ और उमाशंकर कुमार जमीन का सीमांकन करने पहुंचे थे। इसी दौरान 8-10 की संख्या में स्थानीय महिलाओं और पुरुषों ने टीम पर अचानक हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक महिला ने राजस्व कर्मचारी सुजीत कुमार सिन्हा को दौड़ा-दौड़ा कर चप्पल से पीटा। इस अपमानजनक घटना के बाद चैनपुर थाने में लिखित आवेदन दिया गया था, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से कर्मियों में भारी आक्रोश था।शुक्रवार को डीसी के निर्देश के बाद चैनपुर अनुमंडल पदाधिकारी पूर्णिमा कुमारी, अंचल अधिकारी दिनेश गुप्ता और बीडीओ यादव बैठा ने धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलनकारी कर्मियों से वार्ता की। एसडीओ पूर्णिमा कुमारी ने कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशासन उनके साथ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय न्याय संहिता की नई धाराओं में हुए बदलावों के कारण तकनीकी रूप से अभियुक्तों को तुरंत जेल नहीं भेजा जा सका है। उन्होंने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया।राजस्व उप निरीक्षक संघ के जिला सचिव अंकित कुमार होता ने बताया कि उपायुक्त और एसडीओ के साथ हुई बातचीत में यह साफ हुआ है कि मामला अभी ‘नोटिस पीरियड’ में है। जैसे ही यह कानूनी अवधि समाप्त होगी, पुलिस गिरफ्तारी की कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के जिला सचिव भूषण कुमार ने आधिकारिक घोषणा करते हुए कहा कि उपायुक्त के निर्देश पर एसडीओ द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद 5 तारीख से जारी धरने को अगले 15-20 दिनों के लिए स्थगित किया जा रहा है। जिला सचिव भूषण कुमार ने कहा हम प्रशासन को समय दे रहे हैं। यदि तय समय सीमा के भीतर दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो कर्मचारी संघ दोबारा और भी उग्र तरीके से सड़क पर उतरने को मजबूर होगा। संघ के अध्यक्ष जेठू कोरवा, मुरारी प्रसाद सिंह, मनोज प्रसाद, रघुनंदन वैद्य, चैनपुर के सभी कर्मी मौजूद थे।

राम भक्तों के लिए

गुमला सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण

0

गुमला (ब्यूरो प्रमुख ) – गणपत लाल चौरसिया

गुमला : – गुमला लेखा प्रशासन एवं स्वनियोजन जिला ग्रामीण विकास शाखा गुमला के द्वारा सदर अस्पताल गुमला का साप्ताहिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में रोगी भर्ती वार्ड, किचेन रूम, दवा वितरण कक्ष, इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी, आदि का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में रोगी भर्ती वार्ड में भर्ती किए गए मरीजों एवं उनके परिजनों से वार्ता की गई। वार्ता के क्रम में मरीज एवं उनके परिजनों के द्वारा सेवा संतुष्टि बतलाई गई। प्रसव एवं उपकरण की उपलब्धता के संदर्भ में जानकारी प्राप्त हुई कि अपराह्न 4.45 बजे तक 09 माताओं की सामान्य प्रसव कराया गया है एवं 03 का सी सेक्शन ऑपरेशन किया क्या है। सभी माताओं को प्रसव के उपरांत निगरानी में रखा गया है। सर्जिकल वार्ड में 33 मरीज जेनरल वार्ड में 123 मरीज तथा पुरुष वार्ड में 30, महिला वार्ड में 24, एवं बच्चों के वार्ड में 06 मरीज भर्ती थे। ओपीडी में कुल 600 मरीजों का निबंधन एवं 00 आयुष्मान कार्ड निर्गत किया गया था। यह जानकारी दी गई कि संबंधित भर्ती एवं बाह्य रोगी को यथासंभव इलाज मुहैया कराया जा रहा है एवं जानकारी दी गई कि मरीज की स्थिति के अनुसार आवश्यकता आकलन के अनुसार इन्हें बेहतर इलाज हेतु अन्यत्र रेफर किया जाता है। कुल 102 मरीजों को अन्य प्रखंड से सदर अस्पताल गुमला में लाने ले जाने तथा 01 मरीज को रिम्स भेजने हेतु एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। किचेन के निरीक्षण के क्रम में आवश्यक साफ सफाई हेतु निर्देशित किया गया। मरीजों को सामान्य भोजन दिया जा रहा है। NRC केंद्र में कुल 19 मरीज भर्ती थे जिन्हें पौष्टिक भोजन दिया जा रहा है। दवा वितरण कक्ष के निरीक्षण के क्रम में जानकारी दी गई कि अभी वर्तमान में अस्पताल में 622 दवा उपलब्ध है एवं जन औषधि केंद्र बंद पाया गया।मशीन कार्यशील पाया गया कुल 38 मरीजों का एक्स रे एवं 20 का सीटी स्कैन किया गया था। पदाधिकारी एवं कर्मियों की उपस्थिति नियमित रूप से ससमय सुनिश्चित करने के लिए उपस्थिति पंजी का निरीक्षण किया गया एवं निरीक्षण के क्रम में अनुपस्थित पाए गए पदाधिकारी एवं कर्मियों से कारण पृच्छा हेतु निर्देशित किया गया। उपस्थिति आकस्मिक पंजी संधारित पाया गया। सीसीटीवी की उपलब्धता पाई गई। कुल 46 सीसीटीवी कैमरा कार्यरत पाया गया। अस्पताल परिसर में शैडो एरिया की संभावना नहीं पाया गया I अस्पताल परिसर को स्वच्छ एवं बदबू से मुक्त रखने हेतु निर्देशित किया गया। मानसिक ओपीडी में 08 मरीजों के पहुंचने एवं दवा वितरण की जानकारी प्राप्त हुई। अस्पताल परिसर को सफाई रखने की आवश्यकता है।

राम भक्तों के लिए

जिला खेल संचालन समिति की बैठक संपन्न, खेल अधोसंरचना एवं प्रतिभा विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा

0

गुमला (ब्यूरो प्रमुख ) – गणपत लाल चौरसिया

गुमला : – गुमला उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो की अध्यक्षता में आज नया समाहरणालय भवन, चंदाली, गुमला के सभागार कक्ष में जिला खेल संचालन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला खेल पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, विभिन्न प्रखंडों के कोच एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान जिले में खेल अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण एवं खिलाड़ियों के समग्र विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों एवं बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में संत पात्रिक उच्च विद्यालय, गुमला में डे – बोर्डिंग फुटबॉल प्रशिक्षण केन्द्र (बालक) तथा संत पियुस उच्च विद्यालय, कामडारा में डे-बोर्डिंग फुटबॉल प्रशिक्षण केन्द्र (बालिका) खोलने के प्रस्ताव पर विचार किया गया। साथ ही, गुमला जिले में बालिकाओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए सेन्टर आँफ एक्सिलेंस (फुटबॉल – बालिका) की स्थापना हेतु खेलकूद एवं युवाकार्य निदेशालय को प्रस्ताव भेजने पर सहमति बनी।

इसके अतिरिक्त गुमला सदर एवं भगत सिंह स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स, बसिया में फुत्सल कोर्ट निर्माण, गुमला, बसिया एवं चैनपुर में बैडमिंटन इंडोर स्टेडियम हेतु मैट अधिष्ठापन, तथा विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों में इंडोर जिम स्थापना से संबंधित प्रस्तावों पर चर्चा की गई।

बैठक में गुमला सदर में स्विमिंग पूल निर्माण, परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में खिलाड़ियों हेतु डगआउट निर्माण, कामडारा एवं जारी (बुमतेल) में हॉकी खिलाड़ियों के लिए ड्राई एस्ट्रोटर्फ अधिष्ठापन, तथा तेलंगा खड़िया स्टेडियम में डगआउट एवं नेट फेंसिंग की व्यवस्था करने पर भी विचार-विमर्श हुआ।

साथ ही, डुमरी, जारी एवं कामडारा प्रखंड स्तरीय स्टेडियमों के अपग्रेडेशन, मरम्मति एवं जीर्णोद्धार का प्रस्ताव भी रखा गया।

बैठक के दौरान कोचों द्वारा खिलाड़ियों की सुविधाओं से संबंधित विभिन्न मांगें भी रखी गईं, जिसमें बालिका हॉस्टल की स्थापना, परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम के मैदान के जीर्णोद्धार, पानी की समस्या के समाधान, खेल किट की उपलब्धता पुनः प्रारंभ करने, चेंजिंग रूम निर्माण, कुश्ती खिलाड़ियों के लिए मैट की व्यवस्था एवं फिजियोथेरेपी सेंटर की स्थापना शामिल है।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि खेल विकास से संबंधित सभी प्रस्तावों को समुचित माध्यम से संबंधित विभागों को भेजा जाए तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने गुमला में स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि चिन्हित करने का भी निर्देश दिया।

उपायुक्त ने सभी कोचों को निर्देशित किया कि वे खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण प्रदान कर उनकी प्रतिभा को निखारें, ताकि जिले के खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। साथ ही, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की सूची तैयार कर उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।बैठक में खिलाड़ियों की सुविधा एवं खेल वातावरण को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया तथा खेल क्षेत्र में गुमला को अग्रणी जिला बनाने के लिए समन्वित प्रयास करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

राम भक्तों के लिए

अपर समाहर्ता द्वारा आयुष्मान आरोग्य मंदिर का औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश

0

गुमला (ब्यूरो प्रमुख ) – गणपत लाल चौरसिया

गुमला : – गुमला आज अपर समाहर्ता, शशिंद्र कुमार बड़ाईक द्वारा प्रखंड घाघरा अंतर्गत पंचायत चपका के बरकाडीह स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध दवाओं की स्थिति एवं मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इस क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) एवं एएनएम से विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं उपलब्धता की समीक्षा की।

उन्होंने केंद्र में प्रतिनियुक्त सभी स्वास्थ्य कर्मियों एवं स्वास्थ्य सहियाओं की कार्यप्रणाली की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि आमजन को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने हेतु स्वास्थ्य केंद्र का नियमित एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

निरीक्षण के क्रम में अपर समाहर्ता ने स्वयं भी स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं के तहत अपना ब्लड शुगर एवं ब्लड प्रेशर की जांच कराई तथा सेवाओं की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव लिया।

क्षेत्र भ्रमण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, खाद आपूर्ति पदाधिकारी, घाघरा, संबंधित पंचायत के मुखिया, पंचायत सचिव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

राम भक्तों के लिए

बार एसोसिएशन द्वारा उपायुक्त का स्वागत, अधिवक्ताओं ने रखीं विभिन्न जनहित एवं न्यायिक व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याएं

0

गुमला (ब्यूरो प्रमुख ) – गणपत लाल चौरसिया

गुमला : – गुमला बार एसोसिएशन के सभागार में नव नियुक्त गुमला उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो का बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त के सम्मान में एक औपचारिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिले की न्यायिक एवं जनसुविधाओं से संबंधित कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।

कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ताओं ने एक मांग पत्र प्रस्तुत करते हुए बताया कि जिले में नागरिकों को विभिन्न मूलभूत सुविधाओं के अभाव में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से पेयजल की समस्या को गंभीर बताते हुए बार एसोसिएशन परिसर में जलमीनार अथवा भूजल आधारित व्यवस्था ( कुआं – बोरिंग) उपलब्ध कराने की मांग की गई।

इसके अतिरिक्त, बार एसोसिएशन कार्यालय परिसर में पूर्व से संचालित कैंटीन के जीर्ण-शीर्ण अवस्था में होने की जानकारी देते हुए उसके जीर्णोद्धार एवं विस्तारीकरण की मांग की गई। साथ ही, अधिवक्ताओं ने लाइब्रेरी को अद्यतन करने एवं उसमें ऑनलाइन सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया।

अधिवक्ताओं ने न्यायिक प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए कहा कि दस्तावेजों के निष्पादन एवं सत्यापन में अनावश्यक विलंब ( 3 से 4 माह तक) होने से आमजनों को परेशानी होती है। इस व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता बताई गई।

चंदाली न्यायालय को सिविल कोर्ट परिसर के समीप स्थापित करने की मांग भी प्रमुख रूप से रखी गई, ताकि लंबी दूरी के कारण होने वाली असुविधाओं को दूर किया जा सके। साथ ही न्यायालय भवन के रंग – रोगन एवं समुचित रख-रखाव की मांग की गई।

महिला अधिवक्ताओं के लिए कॉमन रूम, चेंजिंग रूम एवं फीडिंग रूम जैसी बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था करने का अनुरोध भी किया गया। इसके अलावा, पूर्व में उपलब्ध कराए गए सिलाई सिस्टम की मरम्मत, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, तथा एल.आर.डी.सी. न्यायालय के नियमित संचालन की मांग रखी गई।

अधिवक्ताओं ने यह भी अवगत कराया कि जिले के तीन अनुमंडलों में न्यायालयों का संचालन एक साथ होने से व्यावहारिक कठिनाइयां उत्पन्न होती हैं। अतः एसडीओ, एसी एवं उपायुक्त न्यायालय की नियमित एवं सुलभ व्यवस्था सुनिश्चित का अनुरोध किया गया।

रजिस्ट्री कार्यालय से संबंधित समस्याओं का उल्लेख करते हुए अधिवक्ताओं ने कहा कि विवाह प्रमाण पत्र सहित अन्य कार्यों में अनावश्यक विलंब होता है, जिससे आम नागरिकों को परेशानी होती है। इस दिशा में सुधार हेतु आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई।

मौके पर उपायुक्त ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कहा कि वे गुमला जिले की जमीनी परिस्थितियों से भली-भांति परिचित हैं, क्योंकि उनकी पहली पदस्थापना भी इसी जिले में रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी बिंदुओं को प्राथमिकता के आधार पर क्रमिक रूप से समाधान किया जाएगा।

उन्होंने विशेष रूप से पेयजल समस्या के समाधान हेतु पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ( पीएचईडी ) को आवश्यक निर्देश देने की बात कही, ताकि शीघ्र वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रस्तुत सभी मांगों को संज्ञान में लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और जनहित में बेहतर व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी।

कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव सहित सभी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित थे।

राम भक्तों के लिए

गोमिया इंटर कॉलेज, स्वांग का परीक्षा परिणाम शानदार, कला संकाय में साक्षी, विज्ञान में रेहन और वाणिज्य में रानी बनी टॉपर

न्यूज – कहकशां फारुकी

गोमिया। गोमिया इंटर कॉलेज, स्वांग का इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम इस वर्ष काफी उत्साहजनक रहा। महाविद्यालय के कुल 187 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें लगभग 90 प्रतिशत विद्यार्थी सफल घोषित हुए। परीक्षा परिणाम प्रकाशित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल देखा गया। छात्र-छात्राओं के साथ-साथ अभिभावकों और शिक्षकों ने भी एक-दूसरे को बधाई दी।
महाविद्यालय परीक्षा नियंत्रक सलीम ने बताया कि तीनों संकायों में विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन कर कॉलेज का नाम रोशन किया है।
कला संकाय में साक्षी कुमारी अव्वल
कला संकाय में साक्षी कुमारी ने 429 अंक (86 प्रतिशत) प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं सलोनी कुमारी 409 अंक (82 प्रतिशत) के साथ द्वितीय तथा पिंकी कुमारी 346 अंक (69.2 प्रतिशत) प्राप्त कर तृतीय स्थान पर रहीं।
विज्ञान संकाय में रेहान वारसी बने टॉपर
विज्ञान संकाय में रेहान वारसी ने 434 अंक (87 प्रतिशत) प्राप्त कर कॉलेज टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। दूसरे स्थान पर रंजीत कुमार यादव रहे, जिन्होंने 414 अंक (83 प्रतिशत) प्राप्त किए। वहीं प्रिया कुमारी ने 410 अंक (82 प्रतिशत) लाकर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वाणिज्य संकाय में रानी कुमारी प्रथम
वाणिज्य संकाय में रानी कुमारी ने 369 अंक (74 प्रतिशत) प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। रिया कुमारी 351 अंक (70.2 प्रतिशत) के साथ द्वितीय तथा चांद कुमार 342 अंक (68.4 प्रतिशत) के साथ तृतीय स्थान पर रहे।
गोमिया इंटर कॉलेज के सचिव राजेंद्र रविंद्र प्रसाद सिंह ने परीक्षा परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों की लगन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आने वाले समय में भी कॉलेज शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करता रहेगा।
वहीं प्राचार्य प्रोफेसर दामोदर पांडे ने कहा कि विद्यार्थियों ने कठिन परिश्रम और अनुशासन के बल पर यह सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय हमेशा छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर मार्गदर्शन देने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही उन्होंने सभी सफल छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

राम भक्तों के लिए
IIT - Polo Tshirt - Premium