29 C
Ranchi
Sunday, July 5, 2026
Advertisement
Home Blog Page 75

डायट गुमला में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन, 100 से अधिक शिक्षकों ने लिया प्रशिक्षण

0

न्यूज – गणपत लाल चौरसिया 

गुमला जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, डायट, गुमला में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम डायट की प्राचार्य प्रियाश्री भगत के एंव अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ आरंभ हुआ। इसमें लगभग 100 की संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।इस कार्यशाला में मंच संचालन सिकन्दर नाथ प्रजापति एवं डॉ रंजना सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इसमें दोनों संकाय सदस्यों ने संयुक्त रूप से प्रशिक्षक की भूमिका निभाई।दीक्षा पाठ्यक्रम के विषय में भी शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया।इस अवसर पर डायट के सभी शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

राम भक्तों के लिए

गुमला: डीटीओ का बड़ा एक्शन; स्कूली बच्चों को वाहन चलाते पकड़ा, गाड़ी जब्त और अभिभावकों की लगी क्लास

0

न्यूज – गणपत लाल चौरसिया 

गुमला : – जिला मुख्यालय में जिला परिवहन पदाधिकारी ज्ञान शंकर जायसवाल के नेतृत्व में आज शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर एक बड़ा अभियान चलाया गया। दुन्दुरिया बस स्टैंड और डीएवी मोड़ पर हुई इस कार्रवाई में न केवल व्यावसायिक वाहनों पर नकेल कसी गई, बल्कि नाबालिग स्कूली बच्चों को वाहन चलाते हुए पकड़े जाने पर सख्त कदम उठाए गए।

नाबालिगों पर कार्रवाई: गाड़ी जब्त, अभिभावक तलब
चेकिंग के दौरान डीएवी मोड़ के पास कई स्कूली छात्र बिना लाइसेंस और हेलमेट के तेज रफ्तार में बाइक और स्कूटी चलाते पाए गए। डीटीओ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहनों को जब्त कर लिया। अभिभावकों को फटकार: पकड़े गए छात्रों के अभिभावकों को मौके पर बुलाया गया। डीटीओ ने उन्हें सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि नाबालिगों को वाहन देना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि उनके जीवन के साथ खिलवाड़ भी है।
जुर्माना: इस पूरी कार्रवाई के दौरान कुल ₹35,000 का चालान काटा गया।

बस स्टैंड पर औचक निरीक्षण
दुन्दुरिया बस स्टैंड पर बसों की सघन जांच की गई। यहाँ मुख्य रूप से निम्नलिखित कमियां पाई गईं:

सुरक्षा मानकों की अनदेखी: कई बसों में अग्निशमन यंत्र और फर्स्ट-एड बॉक्स गायब थे।

दस्तावेजों का अभाव: फिटनेस, परमिट और प्रदूषण (PUC) प्रमाण पत्र न होने पर सख्त हिदायत दी गई।

नियम के उल्लंघन एवं चेतावनी: जांच में पकड़ी गई कुछ गाड़ियों को पहली गलती मानकर कड़ी चेतावनी देकर छोड़ा गया, ताकि वे जल्द से जल्द अपने दस्तावेज और सुरक्षा मानक पूरे कर सकें।

डीटीओ का संदेश: ‘जागरूकता और सुरक्षा’
चालान काटने के साथ ही डीटीओ ने बस ड्राइवरों और खलासियों के लिए एक ‘जागरूकता क्लास’ भी ली। उन्होंने समझाया:
सुरक्षा सर्वोपरि: यात्रियों की जान की जिम्मेदारी ड्राइवर की है।
नशे से दूरी: शराब पीकर वाहन चलाना सीधे मौत को दावत देना है।
गति सीमा: निर्धारित गति का पालन करें और ओवरलोडिंग से बचें।
“हमारा उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि दुर्घटनाओं को रोकना है। स्कूली बच्चों का सड़क पर वाहन लेकर निकलना बेहद खतरनाक है। अभिभावकों को जागरूक होना होगा, वरना भविष्य में और भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन की चेतावनी: जिला परिवहन विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। अब शहर की सड़कों पर यातायात नियमों का उल्लंघन करना वाहन चालकों को भारी पड़ेगा।

राम भक्तों के लिए

रक्तदान शिविर आयोजित, 11 यूनिट रक्त संग्रहित

0

न्यूज – गणपत लाल चौरसिया 

गुमला : – गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देशानुसार आज बिशुनपुर प्रखंड में स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय युवाओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया।

इस अवसर पर कुल 11 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जिसे जरूरतमंद मरीजों के उपचार हेतु ब्लड बैंक में सुरक्षित रखा जाएगा।

रक्तदान मानवता की सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है और इससे गंभीर रूप से बीमार मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में सहायता मिलती है। नागरिकों से अपील की गई कि वे आगे भी ऐसे शिविरों में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए स्वैच्छिक रक्तदान करें।

प्रखंड स्तर पर आयोजित इस शिविर में स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सहयोग रहा। प्रशासन ने रक्तदान करने वाले सभी दानदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया तथा उनके इस मानवीय योगदान की सराहना की।

अगला रक्तदान शिविर 18 मार्च को भरनो में आयोजित किया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक नागरिकों से भागीदारी की अपील है।

राम भक्तों के लिए

37 वाहनों से 67,500 रुपये का चालान, सघन वाहन जांच अभियान

0

न्यूज – कहकशां फारूकी 

गोमिया: बोकारो के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सोमवार को गोमिया और कथारा के छिलका पुल के समीप ट्रैफिक पुलिस द्वारा सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व ट्रैफिक पुलिस के एसआई अरविंद कुमार ने किया।
इस दौरान ट्रैफिक पुलिस के शैलेश कुमार, विकास कुमार, मृत्युंजय कुमार और अमित कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। जांच अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान कुल 37 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 67,500 रुपये का ऑनलाइन चालान किया गया। चालान किए गए वाहनों में दोपहिया और चारपहिया दोनों प्रकार के वाहन शामिल हैं।
एसआई अरविंद कुमार ने बताया कि यह अभियान सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाया गया। जांच के दौरान हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र और सीट बेल्ट की विशेष रूप से जांच की गई।
उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए विशेष रूप से सख्ती बरती गई, वहीं चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने का निर्देश दिया गया। ट्रैफिक पुलिस ने आगे भी ऐसे अभियान जारी रखने की बात कही है ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

राम भक्तों के लिए

तुलबुल पंचायत में धूमधाम से मनाया गया सरहुल महापर्व

0

न्यूज – कहकशां फारूकी 

गोमिया — गोमिया प्रखंड अंतर्गत तुलबुल पंचायत में आदिवासी जनजातीय समाज द्वारा प्रकृति पर्व सरहुल महापर्व बड़े ही धूमधाम एवं पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सरना स्थल पर विधिवत पूजा-अर्चना की गई तथा क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता देवी शामिल हुईं। यहां पहुंचने पर ग्रामीणों एवं समाज के लोगों ने उनका फूल-माला पहनाकर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में जिप अध्यक्ष सुनीता देवी ने कहा कि सरहुल पर्व आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और प्रकृति के प्रति आस्था का प्रतीक है। यह पर्व प्रकृति की रक्षा करने और समाज में भाईचारा बनाए रखने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की समृद्ध परंपराओं को संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक नृत्य-गीत भी प्रस्तुत किए गए, जिसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए। मौके पर पंचायत के जनप्रतिनिधि, समाज के गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

राम भक्तों के लिए

गुमला में खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन जांच अभियान, मसालों व सूजी के नमूने जांच हेतु भेजे गए

0

न्यूज – गणपत लाल चौरसिया 

गुमला : – गुमला जिला मुख्यालय में खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन एवं जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर आज खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी के नेतृत्व में गुमला शहर के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया।

निरीक्षण के दौरान डीएसपी रोड स्थित विशाल भंडार सहित कई अन्य दुकानों एवं प्रतिष्ठानों की जांच की गई। जांच के क्रम में दुकानों में रखे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, भंडारण व्यवस्था तथा लाइसेंस से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की गई। इस दौरान हल्दी, धनिया एवं सूजी के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने बताया कि नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद यदि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सभी खाद्य व्यवसाय संचालकों को निर्देश दिया कि वे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखें, साफ-सफाई का विशेष ध्यान दें तथा बिना लाइसेंस के खाद्य सामग्री का कारोबार न करें। साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई कि यदि कहीं मिलावटी या असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री की सूचना मिले तो इसकी जानकारी तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग को दें।

विभाग द्वारा बताया गया कि त्योहारों एवं गर्मी के मौसम को देखते हुए आने वाले दिनों में भी जिले में खाद्य सुरक्षा जांच अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि आम लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

राम भक्तों के लिए

गुमला में 24 FPO एवं कोऑपरेटिव के सशक्तिकरण हेतु कार्यशाला आयोजित

0

न्यूज – गणपत लाल चौरसिया 

गुमला : – गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देशानुसार जिला प्रशासन, JSLPS, NABARD एवं PRADAN के संयुक्त तत्वावधान में गुमला में कार्यरत 24 किसान उत्पादक संगठनों (FPO) एवं कोऑपरेटिव के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य किसानों के संगठनों को मजबूत बनाना, शेयरधारकों की संख्या बढ़ाना, व्यवसायिक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना तथा सरकारी योजनाओं से अधिकाधिक जोड़ना था।

कार्यशाला में JSLPS, JOHAR परियोजना, PRADAN, JTDS एवं NABARD द्वारा पोषित गुमला जिले के कुल 24 FPO के बोर्ड मेंबर एवं सीईओ ने भाग लिया। कार्यक्रम में किसान उत्पादक संगठनों के संचालन, ऋण एवं इक्विटी ग्रांट से संबंधित प्रक्रियाओं, संस्थागत प्रबंधन तथा वित्तीय सुदृढ़ीकरण के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने अपने-अपने FPO के कार्यों एवं अनुभवों को साझा किया तथा आपसी सहयोग एवं समन्वय को और सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया। साथ ही FPO को बाजार से जोड़ने, व्यावसायिक दृष्टिकोण को मजबूत करने तथा किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में आवश्यक रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त गुमला दिलेश्वर महतो, NABARD के DDM रवि शंकर, गुमला की DCO माधुरी, पशुपालन विभाग से डॉ. मयूर, JTDS के DPM प्रमुदित दुंगदुंग, JSLPS के DPM शैलेन्द्र जारिका तथा PRADAN के मेराज सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में DCO गुमला एवं NABARD के DDM ने FPO के विकास के लिए आवश्यक रणनीतियों, बैंकिंग सहयोग तथा सहकारी अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। उन्होंने FPO को वित्तीय रूप से सशक्त बनाने एवं संस्थागत मजबूती पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम के समापन पर उप विकास आयुक्त (DDC) गुमला दिलेश्वर महतो ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जिले में FPO के सशक्तिकरण के लिए जिला प्रशासन हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने किसानों के सामूहिक प्रयासों को ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर जिले में कार्यरत 9 FPO को पिछले वित्तीय वर्ष में विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

राम भक्तों के लिए

 गिरिडीह नगर निगम पर झामुमो ने अपना परचम लहराया, मेयर प्रमिला मेेेेहरा ने डिप्टी मेयर सुमित कुमार को शपथ दिलाई  

0

शहरी सरकार के लिए लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती और स्थानीय स्वशासन हो गई शुरुआत 

 कमलनयन
गिरिडीह नगर निगम पर झारखंड में सतारूढ झामुमो का कब्जा हो गया। पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व में शुमार पार्टी संगठन में सफल डिप्लोमेसी के एक्सपर्ट नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार की रणनीति से झामुमो नेता सुमित कुमार 36 वार्ड पार्षदों वाले जीएमसी में निर्विरोध उपमेयर के रूप में चुन लिए गये।
सोमवार को विशेष समारोह में प्रमंडलीय आयुक्त, (उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल) मनोज कुमार ने जिला समाहरणालय सभागार में गिरिडीह नगर निगम के नव निर्वाचित महापौर, झामुमो की वरीय नेत्री श्रीमती प्रमिला मेहरा तथा अन्य सभी वार्ड पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही शहरी सरकार के लिए लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती और स्थानीय स्वशासन की नई शुरुआत हो गई।

मेयर ने दायित्वों में पारदर्शिता और निष्पक्षता पर जोर दिया

महापौर एवं सभी वार्ड पार्षदों ने संविधान के प्रति पूर्ण निष्ठा रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ करने का संकल्प लिया। शपथ ग्रहण के दौरान सभागार में उत्साह और उल्लास का माहौल देखा गया। समारोह में आरक्षी अधीक्षक डा. विमल कुमार समेत उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी गिरिडीह, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सभी निर्वाची पदाधिकारी समेत कई प्रशासनिक अधिकारी व अन्य गण् मान्य उपस्थित थे।

लोकतंत्र की असली ताकत स्थानीय निकायों में निहित होती है : कमिश्नर

अपने संबोधन में प्रमंडलीय आयुक्त मनोज कुमार ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के विकास में महापौर और वार्ड पार्षदों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा जताई कि वे जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे और नगर के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा किया जाना चाहिए।
प्रमंडलीय आयुक्त ने यह भी कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत स्थानीय निकायों में निहित होती है। जब जनप्रतिनिधि ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करते हैं तो विकास की गति तेज होती है और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होती हैं। उन्होंने नव निर्वाचित प्रतिनिधियों से अपील की कि वे पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी को प्राथमिकता देते हुए अपने-अपने वार्डों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाएं।

डीसी ने नवनिर्वाचित महापौर व वार्ड पाषर्दों को बधाई दी

इस दौरान उपायुक्त रामनिवास यादव ने नगर निगम के नव निर्वाचित महापौर एवं सभी वार्ड पार्षदों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। जनता ने जिन उम्मीदों और विश्वास के साथ उन्हें चुना है, उस पर खरा उतरना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
समाहरणालय सभागार में आज ही नगर निगम के उप महापौर पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। निर्धारित कार्यक्रम के तहत समाहरणालय सभागार में निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी की गई। इस अवसर पर नगर निगम के सभी नव निर्वाचित वार्ड पार्षद उपस्थित रहे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी, (नगरपालिका) की देखरेख में उप महापौर पद के लिए नामांकन, जांच एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताएँ पूरी की गईं।
निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान उप महापौर पद के लिए झामुमो केन्द्रीय समिति के सदष्य वार्ड- 16 के विजयी पार्षद सुमित कुमार का नाम प्रस्तावित किया गया। निर्धारित समय सीमा के भीतर उनके विरुद्ध कोई अन्य प्रत्याशी सामने नहीं आने के कारण उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। उप विकास आयुक्त सह निर्वाची पदाधिकारी (उप महापौर), श्रीमती स्मृता कुमारी ने औपचारिक घोषणा करते हुए सुमित कुमार को नगर निगम का उप महापौर निर्वाचित घोषित किया।

प्रमिला मेहरा ने सुमित कुमार को शपथ दिलाई

घोषणा के बाद उपस्थित महापौर, श्रीमती प्रमिला मेहरा ने सुमित कुमार को उप महापौर पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ समारोह के बाद नव निर्वाचित महापौर एवं उप महापौर ने अपने पहले नागरिक संदेश में स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम क्षेत्र के विकास और नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेंगे। नगर के सभी पार्षदों और उपस्थित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है। उसका निवर्हन पूरी इमानदारी से करेंगेl

राम भक्तों के लिए

तेनुघाट उपकारा में जेल अदालत सह कानूनी जागरूकता शिविर, बंदियों के लिए लगा मेडिकल कैंप

0

न्यूज – कहकशां फारूकी 

गोमिया तेनुघाट स्थित उपकारा में रविवार को जेल अदालत सह कानूनी जागरूकता शिविर के साथ मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। इस शिविर में व्यवहार न्यायालय तेनुघाट के प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी राज कुमार पांडेय ने बंदियों को कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
उन्होंने बीएनएनएसएस के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि बंदियों के मामलों का निष्पादन न्यायालय द्वारा किस प्रकार किया जाता है। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान है, चाहे वह अमीर हो या गरीब। इसलिए सभी लोगों को कानून के दायरे में रहकर ही कार्य करना चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की गलत गतिविधि से बचा जा सके। इस अवसर पर उन्होंने बंदियों को आगामी ईद और रामनवमी पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
शिविर के दौरान उन्होंने बताया कि जेल में समय-समय पर पीएलवी (पैरा लीगल वॉलंटियर) आते हैं, जिनसे बंदी अपनी समस्याएं साझा कर सकते हैं। यदि किसी बंदी को किसी प्रकार की कानूनी समस्या है तो पीएलवी उसकी जानकारी लेकर न्यायालय तक पहुंचाते हैं, जिससे समस्या का समाधान संभव हो पाता है।
वहीं अनुमंडलीय अस्पताल तेनुघाट के चिकित्सा प्रभारी डॉ. शंभू कुमार ने बंदियों को संबोधित करते हुए कहा कि कई मामलों में जमानत मिलने के बाद भी लोग न्यायालय में उपस्थित नहीं होते हैं, जिससे उनके खिलाफ पुनः वारंट जारी हो जाता है और उन्हें फिर से जेल जाना पड़ता है। इसलिए सभी को अपने अधिवक्ता से संपर्क में रहकर अपने मुकदमे की जानकारी लेते रहना चाहिए।
पैनल अधिवक्ता राकेश कुमार ने कहा कि जब भी पैनल अधिवक्ता और पीएलवी जेल में आते हैं तो बंदियों को उनसे अपने न्यायालय में लंबित मामलों की जानकारी अवश्य लेनी चाहिए, ताकि उन्हें समय पर उचित कानूनी सहायता मिल सके।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण एवं मंच संचालन कर रहे अधिवक्ता सुभाष कटरियार ने बताया कि सरकार द्वारा जेल प्रशासन को निर्देश दिया जाता है कि जेल में रह रहे बंदियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और उन्हें उचित देखभाल मिले।
अंत में जेलर नीरज कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए बताया कि उपकारा में प्रतिमाह जेल अदालत सह कानूनी जागरूकता शिविर के साथ मेडिकल कैंप का आयोजन किया जाता है, ताकि बंदियों को कानूनी जानकारी के साथ-साथक स्वास्थ्य सुविधाओं का भी लाभ मिल सके।
इस अवसर पर संजय कुमार मंडल, इस्तियाक अंसारी, विजय कुमार, मदन प्रजापति सहित जेल कर्मी मौजूद थे।

राम भक्तों के लिए

नव भारत साक्षरता कार्यक्रम अंतर्गत नवसाक्षरों की आकलन परीक्षा का आयोजन

0

न्यूज – गणपत लाल चौरसिया 

गुमला : – गुमला जिले में नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालयों में नवसाक्षरों की आकलन परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। यह परीक्षा जिला शिक्षा अधीक्षक नूर आलम खां के नेतृत्व में जिले के सभी 12 प्रखंडों के 100 संकुलों में आयोजित की गई। कार्यक्रम में विशेष रूप से महिलाओं की व्यापक सहभागिता देखने को मिली, जो साक्षरता के प्रति बढ़ती जागरूकता का सकारात्मक संकेत है।

इस आयोजन को सफल बनाने में जिले के सभी प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, सीआरपी तथा बीआरपी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी स्तरों पर समन्वय और सक्रिय सहयोग के कारण परीक्षा का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

जिला शिक्षा अधीक्षक नूर आलम खां ने सभी सीआरपी को निर्देश दिया है कि परीक्षा में भाग लेने वाले सभी नवसाक्षरों की उत्तर पुस्तिकाओं का समयबद्ध मूल्यांकन कर विहित प्रपत्र में परिणाम तैयार करें तथा 20 मार्च तक अपने-अपने बीआरसी के माध्यम से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

उन्होंने बताया कि भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा संचालित नव भारत साक्षरता कार्यक्रम एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य देश के 15 वर्ष से अधिक आयु के अशिक्षित एवं नवसाक्षर वयस्कों को साक्षर बनाना तथा उन्हें जीवनोपयोगी ज्ञान और कौशल से जोड़ना है।
इस आकलन परीक्षा में सफल नवसाक्षरों को एनआईओएस द्वारा प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें आगे की शिक्षा और जीवन में नए अवसर प्राप्त होंगे। जिले में इस प्रकार के कार्यक्रमों से साक्षरता अभियान को नई गति मिल रही है और समाज के हर वर्ग, विशेषकर महिलाओं में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल बन रहा है।

राम भक्तों के लिए
IIT - Polo Tshirt - Premium