32.4 C
Ranchi
Saturday, June 6, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaजिले में प्रतिभा सम्मान समारोह 2025 का आयोजन — उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित...

जिले में प्रतिभा सम्मान समारोह 2025 का आयोजन — उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने दिए सफलता के मंत्र

गुमला : – गुमला जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय के सभागार में शुक्रवार को प्रतिभा सम्मान समारोह 2025 का आयोजन किया गया था । इस अवसर पर जिले के मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी गुमला प्रेरणा दीक्षित ने की।

समारोह के दौरान उपायुक्त गुमला प्रेरणा दीक्षित एक मेंटर की भूमिका में नजर आईं। उन्होंने सभी सम्मानित छात्र-छात्राओं को व्यक्तिगत रूप से शुभकामना संदेश देते हुए न केवल आगामी जीवन में सफलता के मंत्र साझा किए बल्कि अपने स्वयं के जीवन संघर्षों और संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा की तैयारी के अनुभवों को भी भावुकता के साथ साझा किया।

उपायुक्त ने अपने संदेश में कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, लगन और धैर्य का परिणाम है। इस प्रदर्शन के माध्यम से उन्होंने न केवल अपने परिवार एवं विद्यालय का बल्कि पूरे जिला एवं राज्य का नाम रोशन किया है, जिस पर हम सभी को गर्व है।

अपने प्रेरणादायक संबोधन में उपायुक्त ने एक सफलत कोच के रूप में विभिन्न उपयोगी अध्ययन तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने अच्छी अंग्रेजी के लिए शब्द और शब्दावली की डायरी बनाने, माइंड मैपिंग की आदत विकसित करने, डायग्राम बनाकर अध्ययन करने तथा बार-बार पुनरावृत्ति के महत्व को रेखांकित किया। साथ ही विद्यार्थियों को प्रेरणा के लिए अच्छे गीतों और फिल्मों से जुड़ने की भी सलाह दी।

तकनीकी सक्षमता की ओर ध्यान आकृष्ट करते हुए उपायुक्त ने विद्यार्थियों से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे आधुनिक टूल्स का रचनात्मक उपयोग सीखने तथा रील्स की जगह पुस्तकों की दुनिया में अधिक समय व्यतीत करने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल विद्वत्ता अर्जित करना नहीं है, बल्कि एक उत्तरदायी नागरिक के रूप में समाज एवं राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों का निर्वहन करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से नदी, पशु-पक्षी एवं प्रकृति से जुड़ाव बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि आज के मेधावी विद्यार्थी ही कल के राष्ट्र निर्माता हैं।

उपायुक्त गुमला दीक्षित ने अंत में विश्वास व्यक्त किया कि गुमला जिले के इन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का उज्ज्वल भविष्य न केवल जिले बल्कि पूरे राष्ट्र को गौरवान्वित करेगा। उन्होंने आशा जताई कि सफलता सदैव इन विद्यार्थियों के कदम चूमेगी।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading