31.1 C
Ranchi
Saturday, March 7, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsHazaribaghविभावि के स्नातकोत्तर जंतु विज्ञान के विद्यार्थी तिरुपति में आयोजित भारतीय विज्ञान...

विभावि के स्नातकोत्तर जंतु विज्ञान के विद्यार्थी तिरुपति में आयोजित भारतीय विज्ञान सम्मेलन में ले रहे हैं भाग

हजारीबाग :
विनोबा भावे विश्वविद्यालय (विभावि) के स्नातकोत्तर जंतु विज्ञान विभाग के विद्यार्थी तिरुपति स्थित राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में 26 से 29 दिसंबर 2025 तक आयोजित बहुप्रतिष्ठित सातवें भारतीय विज्ञान सम्मेलन में भाग ले रहे हैं। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. चंद्र भूषण शर्मा ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रतिनिधिमंडल को रवाना किया।

जंतु विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. किशोर कुमार गुप्ता ने बताया कि कुलपति प्रो. शर्मा ने विभाग के शिक्षकगण, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों को इस राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सम्मेलन के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि वर्ष 2007 से प्रारंभ इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समग्र विज्ञान की अवधारणा को शिक्षकों, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों के बीच प्रसारित करना है।

डॉ. गुप्ता ने जानकारी दी कि इस वर्ष सम्मेलन के लिए आयोजक मंडल को लगभग आठ लाख शोध प्रस्ताव प्राप्त हुए थे, जिनमें से चुनिंदा शोध आलेखों का ही चयन किया गया। विनोबा भावे विश्वविद्यालय के लिए यह गौरव की बात है कि चयनित शोध आलेखों में जंतु विज्ञान विभाग के पांच विद्यार्थियों—अमन, अर्पिता, ईशा, प्रभात और धीरज—के शोध पत्र शामिल हैं। ये सभी विद्यार्थी सम्मेलन में सक्रिय भागीदारी कर रहे हैं और विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

विद्यार्थियों को रवाना करने के दौरान विभाग के शिक्षकगण भी उपस्थित रहे और सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सम्मेलन में भाग लेने वाले दल की प्रबंधकीय जिम्मेदारी विद्यार्थी सुरेश को सौंपी गई है। सुरेश का शोध विषय ‘वायुरा तकनीकी’ है, जो पुनर्चक्रण प्रक्रिया के माध्यम से वायु प्रदूषण को कम कर वायु गुणवत्ता में सुधार के प्रयास पर आधारित है।

विभावि के विद्यार्थियों की यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और शोध स्तर को राष्ट्रीय मंच पर मजबूती से प्रस्तुत करती है।

News – Vijay Chaudhary


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading