27.6 C
Ranchi
Saturday, March 7, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGomiaसीसीएल कथारा प्रक्षेत्र के स्वांग वाशरी में दर्दनाक हादसा: बंकर के नीचे...

सीसीएल कथारा प्रक्षेत्र के स्वांग वाशरी में दर्दनाक हादसा: बंकर के नीचे दबने से मजदूर की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश

न्यूज – कहकशां फारूकी 

गोमिया__
सीसीएल के कथारा प्रक्षेत्र अंतर्गत स्वांग वाशरी में गुरुवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया। बंकर के नीचे दबने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया।
मृतक की पहचान नागेश्वर सनी (50 वर्ष) के रूप में हुई है। वह स्वांग वन स्थित शिव मंदिर के समीप अपने परिवार के साथ रहते थे और ठेला चलाकर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करते थे। बेहद साधारण जीवन जीने वाले नागेश्वर अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे।
बताया जाता है कि हादसा भारी वाहन के ब्रेकर से जुड़े घटनाक्रम के दौरान हुआ, जिससे वे बंकर के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों के अनुसार घटना अचानक हुई और उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।
नागेश्वर सनी अपने पीछे पत्नी और चार बेटियों को छोड़ गए हैं। दो बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि तीसरी बेटी की शादी अगले माह तय थी। इस असमय मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में शादी की तैयारी चल रही थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और सहायता देने की मांग की। काफी बातचीत और समझौते के बाद गाड़ी मालिक द्वारा ₹1,50,000 तथा प्रबंधन की ओर से ₹50,000 देने पर सहमति बनी।
ग्रामीणों का कहना है कि मजदूरों की सुरक्षा के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। लोग मृतक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं और प्रशासन से परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति दे।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading