28 C
Ranchi
Friday, June 19, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGomiaगोमिया एवं जारंगडीह गुरुद्वारों में श्रद्धा और सेवा भाव के साथ मनाया...

गोमिया एवं जारंगडीह गुरुद्वारों में श्रद्धा और सेवा भाव के साथ मनाया गया गुरु अर्जुन देव जी का 420वां शहीदी दिवस

News – Kahkashan Farooqi 

गोमिया–सिख धर्म के पांचवें गुरु श्री गुरु अर्जुन देव जी महाराज का 420वां शहीदी दिवस गोमिया और जारंगडीह स्थित गुरुद्वारा साहिबों में श्रद्धा, भक्ति एवं सेवा भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में संगत ने गुरुद्वारों में पहुंचकर मत्था टेका तथा गुरु महाराज के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के तहत संगत द्वारा सामूहिक रूप से सुखमणि साहिब का पाठ किया गया तथा श्रद्धापूर्वक शबद-कीर्तन प्रस्तुत किया गया। गुरुद्वारों के ग्रंथी एवं बाबा जी ने गुरु अर्जुन देव जी महाराज के जीवन, त्याग, तपस्या और मानवता के लिए दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान पर प्रकाश डालते हुए संगत को उनके आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया। इसके उपरांत अरदास कर संगत के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
गोमिया गुरुद्वारा साहिब श्री गुरु सिंह सभा में महिलाओं द्वारा शबद-कीर्तन प्रस्तुत किया गया। वहीं स्त्री सत्संग समिति की ओर से शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में पिछले 11 दिनों से प्रतिदिन सुखमणि साहिब का पाठ एवं कीर्तन आयोजित किया जा रहा था। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद, चना तथा शीतल जल का वितरण किया गया।
वहीं जारंगडीह गुरुद्वारा साहिब में भी संगत द्वारा विशेष धार्मिक आयोजन किए गए। अरदास के बाद श्रद्धालुओं के बीच चना प्रसाद एवं ठंडे जल का वितरण किया गया।
शहीदी दिवस के अवसर पर दोनों स्थानों पर सेवा की परंपरा को निभाते हुए विशेष छबील लगाई गई। गोमिया गुरुद्वारा के मुख्य द्वार तथा जारंगडीह मुख्य मार्ग स्थित सरदूल सिंह मार्केट एवं गुरुद्वारा मार्केट के समीप राहगीरों को रोक-रोककर चना प्रसाद, मीठा ठंडा जल एवं शरबत वितरित किया गया। भीषण गर्मी के बीच सेवा के इस कार्य की लोगों ने सराहना की।
इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारों में पहुंचकर गुरु घर का आशीर्वाद प्राप्त किया। गोमिया गुरुद्वारा में लंगर का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने लंगर प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में गोमिया गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान इंद्रजीत सिंह, सचिव राजेंद्र सिंह सलूजा सहित कमेटी के सदस्यों एवं जारंगडीह गुरुद्वारा के सचिव सरदूल सिंह, सुरजीत सिंह, राजू सिंह, योगेंद्र सिंह, अमनदीप सिंह, प्रिंस, रॉकी सहित दर्जनों सिख परिवारों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
गुरु अर्जुन देव जी महाराज के शहीदी दिवस पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने समाज में सेवा, समर्पण, भाईचारे और मानवता का संदेश प्रसारित किया।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading