23.7 C
Ranchi
Saturday, July 11, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaतीन महिलाओं को झांसे में रखकर रिश्तों का जाल बुनने का आरोप,...

तीन महिलाओं को झांसे में रखकर रिश्तों का जाल बुनने का आरोप, दो पीड़िताएं पहुंचीं थाना

गुमला (ब्यूरो प्रमुख ) – गणपत लाल चौरसिया

पहली पत्नी को छिपाकर दूसरी शादी, फिर खुद को अविवाहित बताकर तीसरे संबंध का आरोप; पुलिस जांच में जुटी

गुमला : गुमला जिले में एक युवक पर तीन महिलाओं को धोखे में रखकर अलग-अलग संबंध बनाने का गंभीर आरोप लगा है। मामले में पहली पत्नी और तीसरे संबंध में आई महिला ने गुमला सदर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शिकायत के अनुसार, आरोपी युवक की पहचान गुमला जिले के घटगांव सतपारा निवासी कैलाश भगत के रूप में हुई है। आरोप है कि उसकी पहली शादी वर्ष 2017 में कोलपारा निवासी शिमला देवी से हुई थी। दोनों के तीन बच्चे भी हैं।

पीड़िताओं का आरोप है कि पहली शादी के बावजूद वर्ष 2019 में कैलाश ने सरगांव निवासी अनिमा देवी से दूसरा वैवाहिक संबंध बना लिया और उसे गुमला में किराये के मकान में रखा। इस दौरान पहली पत्नी को इसकी जानकारी नहीं होने दी गई।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बाद में आरोपी ने सोशल मीडिया के माध्यम से कोयनारा बड़काटोली निवासी सुकरमुनि कुमारी से संपर्क किया। उसने स्वयं को अविवाहित बताकर प्रेम संबंध स्थापित किया और कथित रूप से पहली पत्नी को अपनी “भाभी” बताकर सच्चाई छिपाई। पीड़िता के अनुसार, वह वर्तमान में चार माह की गर्भवती है।

आरोप है कि बाद में कैलाश सुकरमुनि को लेकर गोवा चला गया। कुछ समय बाद दूसरी पत्नी अनिमा भी वहां पहुंची, जहां तीनों के बीच विवाद हुआ और स्थानीय पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। इसके बाद आरोपी दोनों महिलाओं को लेकर वापस गुमला आया।

शिकायत के मुताबिक, गुमला लौटने के बाद आरोपी ने गर्भवती सुकरमुनि को कथित रूप से बस स्टैंड पर छोड़ दिया और दूसरी महिला के साथ वहां से चला गया। आरोप है कि उसने सुकरमुनि का मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया, जिससे वह उससे संपर्क नहीं कर सकी।

मामले का खुलासा तब हुआ जब सुकरमुनि ने पहली पत्नी शिमला देवी से संपर्क किया। बातचीत के दौरान दोनों महिलाओं को आरोपी के कथित दोहरे जीवन की जानकारी मिली। इसके बाद दोनों ने एकजुट होकर गुमला सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading