25.5 C
Ranchi
Sunday, July 12, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGomiaप्रतिभा सम्मान समारोह में मैट्रिक-इंटर के मेधावी विद्यार्थी सम्मानित, सांसद बोले– शिक्षा...

प्रतिभा सम्मान समारोह में मैट्रिक-इंटर के मेधावी विद्यार्थी सम्मानित, सांसद बोले– शिक्षा से बढ़कर कुछ नहीं

News – Kahkashan Farooqi 

गोमिया: आजसू पार्टी की ओर से स्व. अरविंद कुमार महतो की पुण्यतिथि के अवसर पर शनिवार को करगली विवाह मंडप में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बेरमो क्षेत्र के 28 विद्यालयों के मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के टॉप-10 मेधावी विद्यार्थियों को शॉल, प्रशस्ति पत्र एवं एक-एक पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा से बढ़कर कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि अनुशासन, मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है। विद्यार्थियों से शिक्षा की लौ को और अधिक उज्ज्वल करने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि एवं गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो ने कहा कि अभावग्रस्त परिवारों के बच्चे आज अपनी मेहनत और लगन के दम पर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संसाधनों की कमी कभी भी प्रतिभा की राह में बाधा नहीं बनती। कसमार क्षेत्र के कई विद्यार्थियों ने पूरे बोकारो ही नहीं, बल्कि झारखंड में भी अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है।

बेरमो प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने कई असफलताओं का सामना किया, लेकिन लगातार मेहनत और अनुशासन के बल पर आज इस पद तक पहुंचे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कभी हार नहीं मानने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की अपील की।

कार्यक्रम में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी आनंद पात्रा, बीएंडके कार्मिक पदाधिकारी विनय टुडू, जिला परिषद सदस्य शहजादी बानो, प्रखंड उपाध्यक्ष बबीता देवी सहित अन्य अतिथियों ने भी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा ही जीवन को नई दिशा देती है और विद्यार्थियों को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बचते हुए पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

कार्यक्रम का संचालन विनोद बिहारी विश्वकर्मा ने किया। आयोजन में आजसू पार्टी के केंद्रीय नेता एवं कार्यक्रम के संयोजक संतोष कुमार महतो, सूरज महतो, विभिन्न क्षेत्रों के पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, 28 विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। अंत में सभी मेधावी विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading