25.4 C
Ranchi
Sunday, July 19, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGomiaसंकटों से रक्षा की कामना के साथ साडम के बंगाली टोला में...

संकटों से रक्षा की कामना के साथ साडम के बंगाली टोला में संपन्न हुई बिपत्तरिणी पूजा

News – Kahkashan Farooqi 

गोमिया—– बेरमो अनुमंडल के साडम स्थित बंगाली टोला में शनिवार को बिपत्तरिणी पूजा पूरे धार्मिक उत्साह और पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। पूजा में क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर मां दुर्गा के बिपत्तरिणी स्वरूप की आराधना की और अपने परिवार की सुख-समृद्धि, पति की लंबी आयु तथा संतानों के मंगल की कामना की।

सुबह से ही श्रद्धालु महिलाएं फल, फूल, मिठाई एवं विभिन्न प्रकार के पकवान लेकर मां काली (दुर्गा) मंदिर पहुंचीं। वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बीच भक्तों ने माता के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की। मंदिर परिसर पूरे दिन भक्ति गीतों और जयकारों से गुंजायमान रहा।

मंदिर के पुजारी मोहितोष चक्रवर्ती ने बताया कि बिपत्तरिणी माता, आदिशक्ति दुर्गा का वह स्वरूप हैं जिन्हें संकटों से मुक्ति दिलाने वाली देवी के रूप में पूजा जाता है। उन्होंने कहा कि यह व्रत मुख्य रूप से झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम और ओडिशा में विशेष श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार रथ यात्रा और उल्टा रथ के बीच पड़ने वाले पहले मंगलवार या शनिवार को यह पूजा की जाती है।
उन्होंने बताया कि पूजा में माता को 13 प्रकार के फल, 13 प्रकार के फूल और 13 प्रकार की मिठाइयों का भोग अर्पित करने की परंपरा है। श्रद्धालु महिलाएं 13 गांठों वाला लाल पवित्र धागा धारण करती हैं तथा विपत्तरिणी व्रत कथा का श्रवण करती हैं। मान्यता है कि माता की कृपा से परिवार पर आने वाले संकट दूर होते हैं और घर में सुख, शांति एवं समृद्धि बनी रहती है।

पूजा के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय पूजा समिति एवं बंगाली टोला के लोगों का सराहनीय योगदान रहा।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading