25.4 C
Ranchi
Sunday, July 19, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGomiaउन्नति का पहिया योजना के तहत 171 विद्यार्थियों को मिली साइकिल, मंत्री...

उन्नति का पहिया योजना के तहत 171 विद्यार्थियों को मिली साइकिल, मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने किया वितरण

News – Kahkashan Farooqi 

77वें वन महोत्सव में पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, मतदाता पुनरीक्षण अभियान के प्रति भी किया जागरूक

गोमिया : – गोमिया प्रखंड में शनिवार को झारखंड सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं पर्यावरण संरक्षण को समर्पित दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कल्याण विभाग की “उन्नति का पहिया” योजना के तहत साइकिल वितरण कार्यक्रम में भाग लिया तथा बाद में बड़कीपुन्नु स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय में आयोजित 77वें वन महोत्सव-सह-वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल होकर पौधारोपण किया।

प्रखंड मुख्यालय में आयोजित साइकिल वितरण कार्यक्रम में मंत्री का स्वागत प्रखंड विकास पदाधिकारी महादेव कुमार महतो एवं अंचलाधिकारी आफताब आलम ने पौधा भेंट कर किया। योजना के तहत गोमिया प्रखंड के लगभग 76 विद्यालयों के 2,201 छात्र-छात्राओं को साइकिल उपलब्ध कराई जानी है। प्रथम चरण में 9 विद्यालयों के 171 विद्यार्थियों के बीच साइकिलों का वितरण किया गया।

इस अवसर पर मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि “उन्नति का पहिया” योजना विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों को शिक्षा से जोड़ने और विद्यालय तक उनकी सुगम पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि साइकिल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, स्वावलंबन और बेहतर भविष्य की ओर बढ़ने का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, माता-पिता एवं शिक्षकों का सम्मान करने तथा अनुशासन और परिश्रम के साथ आगे बढ़ने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत भी लोगों को जागरूक किया गया। मंत्री ने उपस्थित लोगों को मतदाता प्रपत्र भरने तथा पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए प्रेरित करते हुए शपथ भी दिलाई।

इसके बाद मंत्री बड़कीपुन्नु स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय पहुंचे, जहां वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा आयोजित 77वें वन महोत्सव-सह-वृक्षारोपण कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा वन संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता से संबंधित सामग्रियों का वितरण किया।

अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि वन और पर्यावरण का संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्ष मानव जीवन, स्वच्छ पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए अधिकाधिक वृक्षारोपण एवं उनका संरक्षण आवश्यक है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल का भी संकल्प लेने की अपील की।

दोनों कार्यक्रमों में अंचलाधिकारी आफताब आलम, प्रखंड विकास पदाधिकारी महादेव कुमार महतो, बोकारो डीएफओ, कल्याण एवं वन विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं नागरिक उपस्थित रहे।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading