न्यूज – कहकशां फारूकी
गोमिया__ गोमिया प्रखंड के ललपनिया-गोमिया मुख्य मार्ग स्थित ढेंढे गांव में मंगलवार को एक युवती के मोबाइल टावर पर चढ़ जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्रेम प्रसंग से जुड़े इस मामले में युवती ने अपने प्रेमी से मिलने की मांग को लेकर टावर पर चढ़कर घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा किया। हालांकि जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयास से युवती को सकुशल नीचे उतार लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ललपनिया थाना क्षेत्र के तेतरिया गांव निवासी सोनी कुमारी अचानक ढेंढे गांव स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। टावर पर चढ़ने के बाद उसने घोषणा की कि जब तक वह अपने प्रेमी का चेहरा नहीं देख लेगी, तब तक नीचे नहीं उतरेगी। युवती की इस हरकत से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई तथा देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

घटना की सूचना मिलते ही ललपनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को समझाने का प्रयास शुरू किया। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों तथा युवती के परिजनों ने भी उसे मनाने की कोशिश की, लेकिन वह काफी देर तक अपनी जिद पर अड़ी रही।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता देवी ने सक्रिय पहल करते हुए बोकारो उपायुक्त (डीसी) एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) से दूरभाष पर वार्ता कर त्वरित कार्रवाई का आग्रह किया। इसके बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया और बचाव अभियान तेज कर दिया गया।
घटनास्थल पर बेरमो अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम), गोमिया प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) महादेव कुमार महतो, अंचल अधिकारी (सीओ) आफताब आलम, समाजसेवी चितरंजन साव, गोमिया थाना प्रभारी, ललपनिया थाना प्रभारी तथा महुआटांड़ थाना प्रभारी सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी पहुंचे। सभी ने धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए युवती को समझाया तथा उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए प्रेरित किया।
घंटों चली मशक्कत और समझाइश के बाद सोनी कुमारी प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की बातों से संतुष्ट हुई तथा सुरक्षित नीचे उतरने के लिए तैयार हो गई। इसके बाद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में उसका सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया गया।
इस सफल रेस्क्यू अभियान के बाद प्रशासन और पुलिस ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों ने भी जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता देवी तथा बचाव कार्य में शामिल सभी अधिकारियों और समाजसेवियों की सराहना की। समय रहते की गई कार्रवाई से एक संभावित दुर्घटना टल गई और युवती को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।


















