न्यूज – गणपत लाल चौरसिया
गुमला : – गुमला जिला में *भारत की जनगणना 2027 के सफल संचालन हेतु आज सूचना भवन, गुमला के सभागार में फील्ड ट्रेनरों एवं चार्ज पदाधिकारियों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन अपर समाहर्ता-सह-जिला जनगणना पदाधिकारी शशिंद्र कुमार बड़ाइक द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए निर्देश दिया कि जनगणना कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील दायित्व है, जिसे चरणबद्ध तरीके से निर्धारित समय-सीमा के भीतर संपादित किया जाना है। उन्होंने सभी चार्ज पदाधिकारियों एवं फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन सुनिश्चित करने को कहा।
कार्यक्रम में जिला सांख्यिकी पदाधिकारी-सह-अपर जिला जनगणना पदाधिकारी माधुरी बेक द्वारा सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया गया तथा प्रशिक्षण के विषय-वस्तु एवं उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।
तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण में जनगणना कार्य निदेशालय, झारखण्ड, रांची से आए विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, जिसमें राजा शंकर ठाकुर एवं जीभवानी कुमार रजक शामिल हैं।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना से संबंधित कानूनी प्रावधानों, विभिन्न परिभाषाओं, मकान सूचीकरण, जनगणना मकानों के नक्शा निर्माण, एचएलओ एप का मोबाइल में इंस्टॉलेशन एवं उपयोग, तथा सर्वेक्षण के दौरान पूछे जाने वाले प्रश्नों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला स्तर पर सभी चार्ज पदाधिकारी, सहायक चार्ज पदाधिकारी, विभिन्न चार्ज क्षेत्रों के फील्ड ट्रेनर एवं जिला जनगणना कोषांग के सभी संबंधित कर्मी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।

























