24.4 C
Ranchi
Sunday, September 8, 2024
Advertisement
HomeLocal NewsJamshedpurपरिवार और पैसे की राजनीति करनेवालों को हो रहा है दर्द...मोदी को...

परिवार और पैसे की राजनीति करनेवालों को हो रहा है दर्द…मोदी को हटाने के लिए हो रहे एकजुट : बाबूलाल मरांडी

मिलन समारोह में सैकड़ों लोगों ने बाबूलाल के समक्ष भाजपा की सदस्यता ग्रहण की

जमशेदपुर : भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोमवार को मिलन समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें कोल्हान प्रमंडल के पूर्व आयुक्त सेवा निवृत आइएएस अधिकारी विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के समक्ष भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने सभी को पार्टी का पटका एवं माला पहनाकर स्वागत किया। जबकि प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी डॉ प्रदीप वर्मा ने ऑनलाइन सदस्यता ग्रहण कराई। विजय कुमार सिंह के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण करनेवालों में सेवा निवृत राज्य अग्निशमन अधिकारी सुधीर कुमार वर्मा,पूर्व पुलिस उपाधीक्षक ललन ठाकुर, सेवा निवृत जिला न्यायाधीश जी के दुबे, संजय अग्रवाल, रिंकू गडिया, प्रभाष कुमार झा, प्रभाकर, एकांत, आशीष साहू, श्रीप्रकाश, सागर साहू, सुमित रंजन, अभिनंदन शर्मा, अभिप्रय वर्मा सहित झामुमो और आजसू के कार्यकर्ता निरंजन पांडेय, प्रदीप चौबे, फलजीत महतो, अजय ठाकुर, मोहम्मद सलीम अंसारी, गणेश आगीवाल आदि शामिल हैं।

‘बढ़ती अर्थव्यवस्था ने दुनिया को अचंभित किया है’

मिलन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आज भाजपा से जनता का जुड़ाव लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने सदस्यता ग्रहण करने वालों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे अनुभवी लोगों की योग्यता और कार्यक्षमता का पार्टी को लाभ मिलेगा। इनके सेवा के क्षेत्र बदले हैं लेकिन जिम्मेवारी बढ़ी है। कहा कि अब विदेशी मेहमान को केवल मुगलों की कलाकृति ताजमहल से नहीं, बल्कि हजारों साल पुराने कोणार्क और नालंदा जैसी सांस्कृतिक विरासत से परिचय कराया जा रहा है। साढ़े नौ वर्षों में भारत के तिरंगे की ताकत बढ़ी है। बढ़ती अर्थव्यवस्था ने दुनिया को अचंभित किया है। यह बढ़ता भारत है, बदलता भारत है।

‘भाजपा सरकार की उपलब्धियों को लेकर घर-घर दस्तक देना है’

उन्होंने कहा कि ऐसे में विपक्षी एकता के नाम पर परिवार और पैसे की राजनीति करने वाले, भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे दल और नेता मोदी के खिलाफ एकजुट हो रहे हैं. राष्ट्र विरोधी शक्तियां उनके आदर्श बन रहीं हैं। वे सनातन का विरोध, भारत का विरोध करना अपना धर्म समझ रहे हैं, जिन लोगों ने देश को वर्षों तक विकास से वंचित रखा वे आज परेशान हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड की आज यही स्थिति है। परिवार, भ्रष्टाचार, अत्याचार में शामिल हेमंत सरकार जनता को दिग्भ्रमित कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे में देश और प्रदेश को बचाने के लिए और अधिक मजबूत भाजपा की जरूरत है। उन्होंने आह्वान किया कि हमें पार्टी के कार्यक्रमों और भाजपा सरकार की उपलब्धियों को लेकर घर-घर दस्तक देना है।

मोदी जी का नेतृत्व और पार्टी की नीतियों ने मुझे जुड़ने के लिए प्रेरित किया : विजय कु. सिंह

सदस्यता ग्रहण करते हुए पूर्व आयुक्त विजय कुमार सिंह ने प्रदेश भाजपा नेतृत्व का आभार प्रकट करते हुए कहा कि अवकाश प्राप्ति के बाद अनुभव एवं क्षमता को भाजपा के साथ जुड़कर देश सेवा में लगाने की इच्छा हुई। उन्होंने कहा कि मोदी जी का नेतृत्व, पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों ने मुझे जुड़ने के लिए प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि पार्टी जो भी कार्य देगी उसे हर संभव पूरा करने की कोशिश करूंगा। उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में भारत का सकल घरेलू उत्पाद दर 6%से ज्यादा हुआ है जो बड़ी उपलब्धि है। आज सभी क्षेत्रों में भारत तेजी से विकास कर रहा। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू ने और धन्यवाद ज्ञापन प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक ने किया।

 

 

 

 

 

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments