24.8 C
Ranchi
Wednesday, April 2, 2025
Advertisement
HomeLocal NewsKhalariखलारी कोयलांचल में हर्षोल्लास के साथ मना होली का त्योहार

खलारी कोयलांचल में हर्षोल्लास के साथ मना होली का त्योहार

खलारी। खलारी कोयलांचल सहित आसपास के क्षेत्रों में होली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया। इस वर्ष लोगों ने जमकर होली का आंनद उठाया। रविवार की रात होलिका दहन के बाद सोमवार को पूर्णिमा होने के कारण होली नहीं मनाई गई वहीं कुछ एक जगहों पर लोगों एवं बच्चों को होली मनाते देखा गया। सोमवार को बाजार की आधी दुकानें खुली तो आधी बंद थी। लेकिन मंगलवार की सुबह से ही होली का उमंग दिखने लगा था। मंगलवार को सुबह से ही बच्चे अपने पिचकारियों में रंग भरने लगे। जब तक रंग नहीं मिला पानी से ही सड़क पर आने जाने वालों को भिगोते रहे। छोटे बच्चे, किशोर, युवा सभी अपनी अपनी टोली में होली खेलते दिखे। महिलाएं, युवतियां भी रंग लगाने में पीछे नहीं रही। महिलाओं की टोली सुबह का घरेलु कामकाज निपटाकर होली खेलने निकली। खलारी के श्रीजानकी रमण मंदिर सहित कई मंदिर प्रांगण में लोग होली के गीत गाते दिखे। इस बार खलारी के श्रीजानकी रमण मंदिर से युवकों की टोली गाजे बाजे के साथ जुलूस की शक्ल में कॉलोनी में घूम घूम कर होली खेलते दिखे।

कई जगहों पर युवा डीजे बजाकर होली के गीतों पर झूमते रहे। कोई भांग, शराब के साथ होली मना रहा था तो कोई अबीर गुलाल से ही मदमस्त दिखा। हर कोई होली के रंग में डूबा रहा। वहीं अनेक लोग अपने घरों में ही पकवान का आनंद लेते रहे। सोशल मीडिया पर भी होली की बधाई का आदान प्रदान होता रहा। शाम को लोग अबीर गुलाल लेकर आस पड़ोस व रिश्तेदारों के घर गए, पैर छूकर बड़े बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया और पकवान का आनंद उठाया। खलारी पुलिस के द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

News – Kumar Prakash

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments