20.4 C
Ranchi
Sunday, March 8, 2026
Advertisement
HomeNationalभाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक ने कटाक्ष करते हुए कहा-जमीन मारो...

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक ने कटाक्ष करते हुए कहा-जमीन मारो मोर्चा के संस्थापक शिबू सोरेन ने झारखंड का सौदा किया

रांची : प्रदेश भाजपा कार्यालय में शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अजय आलोक ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी ने झारखंड अलग राज्य बनाया और मोदी जी गढ़ेंगे। हमने बनाया और हम ही गढेंगे। उन्होंने कहा कि झारखंड और छत्तीसगढ़ दो राज्य एक साथ भाजपा ने बनाया और छत्तीसगढ़ में 15 साल लगातार भारतीय जनता पार्टी की सरकार रही, छत्तीसगढ़ एक विकसित प्रदेश बन गया पर 5 साल की कांग्रेस की सरकार ने 36 वार किये छत्तीसगढ़ पर और राज्य को निचोड़कर फेंक दिया। उन्होंने कहा कि फिर से एक वर्ष से भाजपा की सरकार छत्तीसगढ़ को गढ़ने का काम कर रही है।

‘आदिवासी मुख्यमंत्री ने आदिवासियों की 8.5 एकड़ जमीन को कब्जा किया’

उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जेएमएम का सही अर्थ “जमीन मारो मोर्चा” है और इनकी सरकार के पूर्व मुखिया आज जेल में बंद हैं और इनको उम्मीद है कि इनको सहानुभूति मिलेगी, लेकिन भ्रष्टाचार से जनित किसी नेता को इस देश ने सहानुभूति नहीं दी है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर क्या दोष है झारखंड की जनता का? यहां की जनता ने एक आदिवासी मुख्यमंत्री को चुना और वही मुख्यमंत्री आदिवासियों की 8.5 एकड़ जमीन को कब्जा करके बैठे हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक मामला है, झारखंड में ऐसा न जाने कितने मामले होंगे? उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य को बनाने के लिए बहुत सारे लोगों ने कुर्बानियां दी है लेकिन इस राज्य को न बनने देने के लिए भी जमीन मारो मोर्चा के संस्थापक शिबू सोरेन ने झारखंड का सौदा किया. उन्होंने कहा कि राजद नेता लालू प्रसाद यादव ने तो यहां तक कह दिया था कि झारखंड मेरी लाश पर बनेगा। आज ये दोनों दल कांग्रेस के साथ सरकार चला रहे हैं।

‘राज्य के प्रथम सीएम बाबूलाल के कार्यकाल को लोग अभी तक नहीं भूले हैं’

उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी इस राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री बने जिनके कार्यकाल को राज्यवासी अभी तक भूल नहीं पाये हैं। उन्होंने कहा कि अर्जुन मुंडा का कार्यकाल हो, रघुवर दास जी का कार्यकाल हो, इनके कार्यकाल में बनाई गईं सड़कों से पता चलता है कि भाजपा की सरकार में विकास कार्य कितना हुआ है। उन्होंने कहा कि एसएआर कोर्ट आदिवासियों के लिए स्पेशल रेगुलेशन कोर्ट बनाकर अपने ही अधिकारियों की नियुक्ति करवा के उस कोर्ट से अपनी ही जमीन के मामले में फैसला करवाते रहे और आज ये लोग कहते हैं कि केंद्र सरकार तंग कर रही है।  उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता के यहां ईडी की कार्रवाई में 350 करोड़ रुपया नकद बरामद हुआ, ये रुपया कहां से आता है? जब इस पर सवाल उठते हैं तो ये कहते हैं कि केंद्र सरकार परेशान कर रही है। कोई परेशान नहीं कर रहा है, इनलोगों का कुकर्म इन्हें परेशान कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता इस चुनाव में जवाब देगी। लोकसभा चुनाव में भी और राज्य की आनेवाले विधानसभा चुनाव में भी जनता जवाब देगी। उन्होंने झारखंड की सभी 14 सीट जीतने का दावा किया. वार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक एवं प्रदेश प्रवक्ता अविनेश कुमार उपस्थित थे।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading