20.1 C
Ranchi
Tuesday, October 22, 2024
Advertisement
HomeNationalअजय नाथ शाहदेव के आवास पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं व समर्थकों की उमड़ी...

अजय नाथ शाहदेव के आवास पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं व समर्थकों की उमड़ी भीड़, हटिया से कांग्रेस प्रत्याशी बनाने की जोरदार मांग हुई

रांची : कांग्रेस नेता अजय नाथ शाहदेव लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं. इसी बीच मीडिया में बार-बार यह कहा गया कि अजय नाथ भाजपा ज्वाइन कर रहे हैं. लेकिन उन्होंने इसका खंडन कर दिया है, लेकिन अभी तक कांग्रेस की ओर से भी उन्हें हरी झंडी नहीं मिली है. सोमवार को उनके आवास पर हटिया विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी। टिकट को लेकर चल रहे ऊहापोह के बीच कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने एक स्वर से अपने प्रिय नेता के लिए आवाज बुलंद की. लोगों ने खुलकर अजय नाथ शाहदेव के लिए हटिया विधानसभा से टिकट की मांग की। लोगों ने कहा कि हटिया विधानसभा से अजय नाथ शाहदेव का टिकट काटने के‌ लिए विरोधियों ने षड्यंत्र भी किया। पार्टी आलाकमान को हटिया की जमीनी हकीकत देखनी चाहिए। यहां के लोगों के दिलों दिमाग में अजय नाथ शाहदेव रचे बसे हैं और हमेशा जनता की दिलों में बसे रहेंगे। समर्थकों का कहना था कि अजय नाथ शाहदेव पिछला चुनाव हारने के बाद भी जनता के सुख-दुख में साथ हैं। ऐसे नेता को टिकट नहीं देकर किसी और को‌ टिकट देना पार्टी का गलत फैसला होगा।

समर्थकों ने कहा-शाहदेव की स्वीकार्यता सभी धर्मों और सभी वर्गों के बीच है 

वक्ताओं ने कहा कि अजय नाथ शाहदेव की स्वीकार्यता सभी धर्म और सभी वर्गों में है। गांव से लेकर शहर तक सभी चाहते हैं कि अजय नाथ शाहदेव कांग्रेस से उनके विधायक बने। समर्थकों का कहना है कि हटिया विधानसभा झारखंड की एक महत्वपूर्ण सीट है। यहां ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोगों की पसंद अजय नाथ शाहदेव ही हैं। ऐसे में कांग्रेस नेतृत्व को सोच समझ कर फैसला लेना चाहिए। उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में कहा कि वे कांग्रेस पार्टी के साथ हैं और अजय नाथ शाहदेव को ही पार्टी यहां से उम्मीदवार बनाएं। सभी ने अजय नाथ शाहदेव का हौसला बढ़ाया और कहा कि दिल्ली भी जाना होगा तो जाएंगे और आपके लिए राहुल गांधी से टिकट लेकर आएंगे। आवास पर अचानक से इतनी संख्या में समर्थकों और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को देखकर कांग्रेस नेता अजय नाथ शाहदेव भी काफी उत्साहित नजर आएं।

विरोधियों की साजिश का हटिया की जनता ने स्वयं मुंहतोड़ जवाब दिया है: शाहदेव

श्री शाहदेव ने कहा कि लोगों के प्यार और स्नेह का मैं ऋणी हूं। मेरा सौभाग्य है कि हटिया की जनता मेरे साथ है। मैं कांग्रेस पार्टी का एक सच्चा सिपाही हूं और पार्टी के लिए समर्पित हूं। विरोधियों का मेरे खिलाफ साजिश का जनता ने स्वयं मुंहतोड़ जवाब दिया है। केंद्रीय नेतृत्व पर मुझे पूरा भरोसा है और कांग्रेस पार्टी हटिया को लेकर सही फैसला लेगी, मुझे ऐसा विश्वास है. कार्यकर्ता, समर्थक, आम जनता मेरे साथ खड़ी है. उन्होंने कहा कि मेरा एकमात्र लक्ष्य हटिया का विकास है। जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, अच्छे स्कूल, रोजगार की व्यवस्था मेरी प्राथमिकता है जो मैं हर हाल में करूंगा। कोई गरीब का बच्चा पैसे के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे इसके लिए मैं विशेष योजनाएं लाऊंगा। खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधायुक्त स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स जिससे वे न सिर्फ फिट रहेंगे बल्कि खेल गतिविधियों में राज्य का नाम भी रौशन करेंगे। श्री शाहदेव ने उपस्थित सभी लोगों का आभार जताया और कहा कि ये प्यार और स्नेह हमेशा बनाए रखियेगा।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments