32.2 C
Ranchi
Saturday, March 7, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaराष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पत्रकार संगोष्ठी का आयोजन

राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पत्रकार संगोष्ठी का आयोजन

‘बढ़ती भ्रामक सूचनाओं के बीच प्रेस की विश्वसनीयता का संरक्षण’ विषय पर हुई सार्थक चर्चा

गुमला : राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर आज जिला सूचना भवन सभागार में एक महत्वपूर्ण पत्रकार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “बढ़ती भ्रामक सूचनाओं के बीच प्रेस की विश्वसनीयता का संरक्षण करना” रही। कार्यक्रम का संचालन जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी ललन कुमार रजक ने किया। गुमला जिले के विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों ने संगोष्ठी में सक्रिय भाग लेते हुए अपने विचार, अनुभव और चुनौतियाँ साझा कीं।

डीपीआरओ श्री रजक ने कार्यक्रम की शुरुआत में सभी पत्रकारों का स्वागत करते हुए प्रेस दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बदलते समय में मीडिया के साधनों और तकनीकों में तेजी से परिवर्तन हुए हैं, ऐसे में अनुभवी और नई पीढ़ी के पत्रकारों की भूमिका समाज को सशक्त बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण है।

संगोष्ठी के दौरान—

  • रणधीर निधि ने कहा कि पत्रकारिता में समय के साथ माध्यम बदले हैं, लेकिन इसका मूल उद्देश्य सदैव समाज का उत्थान ही रहा है।
  • प्रवीण कुमार होत्ता ने बढ़ती फेक न्यूज के दौर में प्रेस की विश्वसनीयता बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया।
  • शहजाद अनवर ने कहा कि गुमला के कई पत्रकारों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है और तकनीक से पत्रकारिता का प्रभाव बढ़ा है।
  • नरेश कुमार ने अपनी पत्रकारिता यात्रा साझा की।
  • किशोर जयसवाल ने कहा कि पत्रकारों के सम्मान में गिरावट आई है और प्रशासन–पत्रकार संवाद को मजबूत करने की आवश्यकता है।

वरिष्ठ पत्रकार निर्मल सिंह ने पत्रकारिता की चुनौतियों पर चर्चा करते हुए पत्रकार–अधिकारी संयुक्त बैठक आयोजित करने का सुझाव दिया।
बलदेव शर्मा ने कहा कि पत्रकारिता एक जिम्मेदार पेशा है, जहां सत्य, निष्पक्षता और जनहित सर्वोपरि होने चाहिए।
अमरनाथ कश्यप ने गुमला में प्रेस क्लब निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया और समाहरणालय परिसर में पत्रकारों के बैठने के लिए उचित व्यवस्था की मांग की।
वरिष्ठ पत्रकार गणपत लाल चौरसिया ने आपसी समन्वय और सहयोग को पत्रकारिता की मजबूती का मूल आधार बताया।

अन्य पत्रकारों ने भी प्रशासनिक सूचना प्रणाली, बड़े कार्यक्रमों की पूर्व सूचना, मीडिया सुविधाओं और पहचान पत्र उपलब्धता से संबंधित कई रचनात्मक सुझाव दिए।

कार्यक्रम के अंत में डीपीआरओ श्री ललन कुमार रजक ने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के प्रति संवेदनशील है और आगे भी सूचना समय पर उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने सभी पत्रकारों को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।

कार्यक्रम में सहायक जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी एलीना दास, जनसंपर्क विभाग के स्वाती तिर्की, दिवाकर साहू, रामलखन कुमार, विभिन्न मीडिया संस्थानों के वरिष्ठ पत्रकार एवं जनसंपर्क कर्मी उपस्थित रहे।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading