28 C
Ranchi
Sunday, March 8, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGomiaगोमिया में बाल विवाह रोकथाम को लेकर नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रथ का...

गोमिया में बाल विवाह रोकथाम को लेकर नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रथ का हुआ भव्य स्वागत

न्यूज – कहकशां फारूकी 

गोमिया। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के खिलाफ जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से प्रखंड सह अंचल कार्यालय गोमिया परिसर में बाल विवाह मुक्त जागरूकता रथ का स्वागत किया गया। इस अवसर पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन कर लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख एवं बाल विवाह निषेध पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी आफताब आलम ने जागरूकता रथ का स्वागत किया। अधिकारियों ने कहा कि बाल विवाह न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह बच्चों के शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इसे समाप्त करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने बाल विवाह के दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। नाटक में दिखाया गया कि कम उम्र में विवाह से बच्चों की पढ़ाई छूट जाती है, स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ती हैं और उनका भविष्य अंधकारमय हो सकता है। कलाकारों ने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे इस कुप्रथा के खिलाफ आवाज उठाएं और बाल विवाह की सूचना प्रशासन को दें।
बाल विवाह मुक्त जागरूकता रथ प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों एवं गांवों का भ्रमण कर लोगों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों, दंडात्मक कार्रवाई तथा इसके सामाजिक और शैक्षणिक प्रभावों की जानकारी देगा। साथ ही अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने एक स्वर में कहा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। इसे रोकने के लिए समाज, प्रशासन और अभिभावकों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने अभिभावकों से कानून का पालन करने तथा बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुरक्षित भविष्य प्रदान करने की अपील की।
इस अवसर पर सहयोगिनी संस्था के रवि कुमार राय, अनिल कुमार हेंब्रम, विकास कुमार गोस्वामी, सूरजमनी देवी, अशोक कुमार महतो, सुनील कालिंदी, मंटू करमाली, पायल कुमारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading