35.7 C
Ranchi
Saturday, June 6, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGomiaहरी खाद अपनाकर मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ाएं : बबलू सिंह

हरी खाद अपनाकर मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ाएं : बबलू सिंह

न्यूज – कहकशां फारुकी

कंडेर पंचायत के होनहे गांव में किसान गोष्ठी आयोजित, किसानों को दी गई योजनाओं की जानकारी

गोमिया। गोमिया प्रखंड अंतर्गत कंडेर पंचायत के होनहे गांव में बुधवार को कृषि विभाग आत्मा के सौजन्य से किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर आधुनिक खेती, संतुलित उर्वरक प्रयोग एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रखंड तकनीकी प्रबंधन इकाई के बबलू सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में संतुलित उर्वरकों का प्रयोग करना अत्यंत आवश्यक है। किसानों को सबसे पहले अपनी मिट्टी की जांच करानी चाहिए तथा सॉइल हेल्थ कार्ड के अनुसार ही उर्वरकों का उपयोग करना चाहिए।
उन्होंने किसानों को हरी खाद तैयार करने की विधि विस्तार से बताते हुए कहा कि ढैंचा, सनई, लोबिया, मूंग एवं उड़द जैसी फसलों की खेती कर 45 से 55 दिनों के भीतर फूल आने से पहले रोटावेटर से मिट्टी में पलट देने से खेतों की उर्वरा शक्ति बढ़ती है। इससे मिट्टी में जैविक कार्बन एवं नाइट्रोजन की मात्रा बढ़ती है और फसल उत्पादन में भी वृद्धि होती है।
उन्होंने बताया कि हरी खाद मिट्टी को भुरभुरी एवं उपजाऊ बनाती है, नमी धारण क्षमता बढ़ाती है तथा रासायनिक खादों पर निर्भरता कम करती है। किसानों को अप्रैल से जून माह के बीच खेतों में हरी खाद वाली फसल लगाने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के लिए अधिक से अधिक आवेदन करने की अपील की गई। साथ ही सिंचाई सुविधा के लिए कुसुम योजना के तहत सोलर पंप सेट एवं किसान समृद्धि योजना के तहत चलंत सोलर पंप सेट की जानकारी दी गई। इच्छुक किसानों को कृषक मित्र, एटीएम एवं बीटीएम के माध्यम से आवेदन करने को कहा गया।
मौके पर कृषक मित्र काशीनाथ महतो ने किसानों को श्री विधि से धान की खेती करने की सलाह दी। वहीं आकांक्षी ब्लॉक के कोऑर्डिनेटर शशि कुमार ने कहा कि नीति आयोग के आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत किसान क्रेडिट कार्ड महत्वपूर्ण इंडिकेटर है, इसलिए अधिक से अधिक किसानों को इससे जोड़ा जाना चाहिए।
इस अवसर पर किसान प्यारेलाल महतो, सविता देवी, गीता देवी, शत्रु कुमार महतो सहित सैकड़ों किसान उपस्थित थे।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading