24 C
Ranchi
Wednesday, August 5, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaउप विकास आयुक्त ने रायडीह एवं घाघरा में विभिन्न विकासात्मक कार्यों, आयुष्मान...

उप विकास आयुक्त ने रायडीह एवं घाघरा में विभिन्न विकासात्मक कार्यों, आयुष्मान भवनों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का किया निरीक्षण, गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं का लिया जायजा

गुमला (ब्यूरो प्रमुख ) – गणपत लाल चौरसिया

गुमला : – गुमला उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन ने बुधवार को रायडीह एवं घाघरा प्रखंड क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकासात्मक कार्यों, निर्माणाधीन एवं नवनिर्मित सरकारी भवनों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रायडीह में निर्माणाधीन आयुष्मान भवन तथा घाघरा में नव निर्मित आयुष्मान भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने रायडीह स्थित निर्माणाधीन आयुष्मान भवन के अद्यतन कार्यों की समीक्षा की तथा कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया। वहीं घाघरा स्थित नव निर्मित आयुष्मान भवन का निरीक्षण कर उसकी गुणवत्ता का भी परीक्षण किया।

इसके उपरांत उप विकास आयुक्त ने घाघरा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का भ्रमण किया। विद्यालय में उन्होंने छात्राओं से आत्मीय संवाद स्थापित कर उनकी पढ़ाई, भविष्य की आकांक्षाओं एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर अध्ययन करने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही छात्राओं से विद्यालय में आने वाली समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं संबंधित पदाधिकारियों से भी विद्यालय की आधारभूत आवश्यकताओं, उपलब्ध संसाधनों एवं अन्य जरूरतों की जानकारी ली तथा आवश्यक व्यवस्थाएं जल्द ही सुनिश्चित किए जाने का आश्वासन भी दिया।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने घाघरा एवं रायडीह प्रखंड के अन्य विकासात्मक तथा निर्माणाधीन कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी एजेंसियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करते हुए कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading