26.1 C
Ranchi
Sunday, September 6, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaसुबह-सुबह पागल कुत्ते ने मचाया आतंक, एक के बाद एक 7 लोगों...

सुबह-सुबह पागल कुत्ते ने मचाया आतंक, एक के बाद एक 7 लोगों को काटा; चैनपुर में दहशत का माहौल

गुमला न्यूज़ प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया

गुमला: गुमला के चैनपुर प्रखंड मुख्यालय में शनिवार अहले सुबह एक पागल कुत्ते ने अचानक हमला कर सात लोगों को अपना शिकार बना लिया। कुत्ते के लगातार हमलों से इलाके में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और लोग आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक को लेकर प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

बताया गया कि शनिवार सुबह एक आवारा कुत्ता अचानक हिंसक हो गया और चैनपुर प्रखंड मुख्यालय के साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों में लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। कुत्ते ने एक के बाद एक कई लोगों को काटकर घायल कर दिया।

घायलों में चैनपुर प्रखंड मुख्यालय निवासी कन्हैया कुमार, सक्षम कुमार, शिव कुमार प्रजापति, अखिलेश कुमार, हिमांशु निशु कुजूर, राजबीर कुमार और रैनटोली निवासी सतीश लकड़ा शामिल हैं।

अचानक हुए हमले से मची अफरा-तफरी

सुबह-सुबह हुए इस हमले से लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कुत्ते के लगातार हमले के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर किसी तरह कुत्ते को वहां से भगाया।

घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चैनपुर ले जाया गया। यहां चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की देखरेख में घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। सभी को एंटी-रेबीज इंजेक्शन भी लगाया गया।

शाम होते ही आवारा कुत्तों के झुंड से बढ़ रही परेशानी

स्थानीय लोगों का कहना है कि चैनपुर ही नहीं, बल्कि गुमला जिले के कई इलाकों में आवारा और हिंसक कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शाम होते ही चौक-चौराहों, बाजारों, गलियों और ग्रामीण रास्तों पर कुत्तों के झुंड नजर आने लगते हैं।

लोगों के मुताबिक इन कुत्तों के कारण खासकर महिलाओं, छोटे बच्चों और बुजुर्गों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई जगहों पर लोगों को डर के कारण रास्ता बदलकर घर जाना पड़ता है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अगर समय रहते आवारा और हिंसक कुत्तों पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं।

प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग

एक ही सुबह सात लोगों के कुत्ते के काटने की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और प्रखंड प्रशासन से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है।

लोगों ने स्वास्थ्य विभाग और संबंधित नगर निकाय से भी आवारा एवं हिंसक कुत्तों को पकड़ने के लिए जरूरी कदम उठाने की अपील की है, ताकि लोगों को इस तरह के हमलों से बचाया जा सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में पहले भी कुत्तों के काटने की घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में प्रशासन को इसे सिर्फ एक दिन की घटना मानने के बजाय आवारा और हिंसक कुत्तों की बढ़ती समस्या पर स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाना चाहिए।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading