गुमला (ब्यूरो प्रमुख ) – गणपत लाल चौरसिया
उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं शांति समिति के सदस्यों के साथ की विस्तृत समीक्षा, आवश्यक व्यवस्थाओं हेतु दिए निर्देश
गुमला : – गुमला जिला में आगामी मुहर्रम पर्व 2026 एवं रथ यात्रा के अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था संधारण, सुरक्षा प्रबंधन तथा आवश्यक नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को सूचना भवन, गुमला के सभा-कक्ष में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता उपायुक्त गुमला दिलेश्वर महतो एवं पुलिस अधीक्षक हरिश बिन ज़मां ने की।
बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए शांति समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों तथा प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया तथा पर्व के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं एवं स्थानीय समस्याओं से संबंधित सुझाव एवं मांगें रखीं।
शांति समिति के सदस्यों द्वारा इमामबाड़ों में पर्याप्त पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने, मुहर्रम के दौरान निरंतर मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग संचालित रखने, खराब स्ट्रीट लाइट एवं विद्युत पोलों पर लगे खराब बल्बों को दुरुस्त कराने, शहरी क्षेत्रों में सूखे एवं जर्जर पेड़ों का सर्वेक्षण कर उनकी छंटाई अथवा हटाने की मांग रखी गई ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।
उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि पेड़ों की छंटाई एवं संभावित खतरनाक पेड़ों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सड़क के गड्ढों को भरने, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है।
उपायुक्त ने कहा कि यदि किसी कारणवश विद्युत आपूर्ति बाधित होती है, विशेषकर वर्षा के दौरान, तो संबंधित विभाग त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने आम नागरिकों एवं शांति समिति के सदस्यों से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट सूचनाओं पर ध्यान न देने तथा किसी भी समस्या की सूचना तत्काल नियंत्रण कक्ष अथवा प्रशासन को देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी शांति समिति की बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं तथा जिन मार्गों से जुलूस निकाले जाएंगे वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। उन्होंने सभी समुदायों से आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए मुहर्रम एवं अन्य आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग करने का आह्वान किया। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में चिकित्सीय टीमों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक हरिश बिन ज़मां ने कहा कि जिले में निकलने वाले सभी जुलूसों के मार्गों का सत्यापन एवं रूट पहचान का कार्य पूरा कर लिया गया है। किसी भी परिस्थिति में निर्धारित जुलूस मार्ग में परिवर्तन की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा प्रतिबंधित हथियारों का प्रदर्शन या उपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा।
उन्होंने ताजिया की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने, समय-सीमा का पालन करने तथा किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 के माध्यम से तत्काल सूचना देने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुहर्रम एवं रथ यात्रा दोनों पर्वों के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय रहेगा तथा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन ने निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में अभी तक शांति समिति की बैठक आयोजित नहीं हुई है वहां शीघ्र बैठक आयोजित की जाए। उन्होंने कहा कि संयुक्त आदेश में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी आपस में पूर्व समन्वय स्थापित कर लें तथा पर्व के दौरान सतत संपर्क में रहें। उन्होंने विद्युत आपूर्ति, जुलूस की समय-सारणी एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर पूर्व समन्वय सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना पर विश्वास नहीं करने की अपील की।
अपर समाहर्ता राजीव नीरज ने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल अथवा अन्य संसाधनों की आवश्यकता हो तो उसकी सूचना पूर्व में उपलब्ध कराई जाए ताकि समय रहते आवश्यक तैयारी की जा सके। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की बात कही।
अनुमंडल पदाधिकारी सदर अखिलेश कुमार ने कहा कि जुलूस मार्गों में विद्युत तारों एवं खंभों की ऊंचाई का निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने जुलूस में छोटे आकार के झंडों का उपयोग करने तथा सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की। साथ ही लोगों से अफवाहों से दूर रहने एवं सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने का आग्रह किया।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गुमला सुरेश प्रसाद यादव ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जुलूस मार्गों का सत्यापन कर लिया गया है तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने शांति समिति के स्वयंसेवकों की सक्रिय भूमिका पर बल देते हुए कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में प्रशासन एवं पुलिस को तत्काल सूचना उपलब्ध कराई जाए। साथ ही जुलूसों के रूट डायवर्जन नहीं होने देने पर विशेष जोर दिया गया।
नगर परिषद गुमला के कार्यपालक पदाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि मुहर्रम एवं रथ यात्रा के अवसर पर पेयजल हेतु टैंकर, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा आवश्यकतानुसार पेड़ों की छंटाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर परिषद द्वारा आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता के लिए विशेष टीम गठित कर कार्य कराया जाएगा।
बैठक के दौरान विद्युत आपूर्ति से संबंधित विषय पर भी चर्चा हुई। शांति समिति के सदस्यों द्वारा पर्व के दौरान शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक लोड शेडिंग नहीं किए जाने की मांग रखी गई। इस पर विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता बीनय कुमार ने आश्वस्त किया कि विद्युत आपूर्ति को यथासंभव निर्बाध बनाए रखा जाएगा तथा किसी भी समस्या का त्वरित समाधान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विद्युत व्यवस्था में पर्याप्त सुधार हुआ है और पर्व के दौरान सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक के उपरांत उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ अलग से समीक्षा बैठक कर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, नियंत्रण कक्ष की सक्रियता तथा अन्य आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, शांति समिति के सदस्य, विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।