साहेबगंज/गोड्डा : साहेबगंज की जनसभा के पूर्व प्रेसवार्ता में शुक्रवार को झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य के सत्ता संपोषित भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण के खिलाफ जन-जागरण ही संकल्प यात्रा का उद्देश्य है. संकल्प यात्रा की शुरुआत बरहेट से करने के बाद शुक्रवार को साहेबगंज में प्रेसवार्ता की. इसके बाद गोड्डा के महागामा में जनसभा की। प्रेसवार्ता में श्री मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से भ्रष्टाचार और परिवारवाद को समाप्त करने का आह्वान किया है। कहा कि झारखंड में तो राज्य संपोषित भ्रष्टाचार है। मुख्यमंत्री स्वयं राज्य की खनिज संपदा, जमीन को लूटने में शामिल हैं। सोरेन परिवार ने आदिवासियों की जमीन नाम बदलकर लूटी है। कहा कि राज्य के मुखिया ने पदाधिकारियों को लूटने में लगा दिया है।
‘अवैध खनन का पैसा सीएम के खाते में जाता है’
उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार अवैध खनन को बढ़ावा दे रही है, क्योंकि इसकी उगाही के पैसे मुख्यमंत्री के खाते में जाता है, जबकि वैध खनन का पैसा सरकार के खजाने में जायेगा। उन्होंने राज्य में व्याप्त तुष्टिकरण को उजागर करते हुए कहा कि राज्य सरकार विधानसभा में नमाज कक्ष खोलती है, सामान्य विद्यालयों को उर्दू विद्यालय में बदल देने, प्रार्थना की पद्धति बदल देने पर कार्रवाई नहीं करती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की मनोवृत्ति रखनेवालों से राज्य का बड़ा नुकसान हो रहा है। उन्होंने राज्य में ठप विकास कार्य पर कहा कि मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में केंद्र सरकार द्वारा भेजे गए गरीबों के लिए अनाज की लूट हो रही है। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना हर घर नल जल की स्थिति राज्य में दयनीय है, क्योंकि राज्य सरकार को विकास से कुछ भी लेना-देना नहीं है। हेमंत सोरेन को पाप के लिए जेल जाना ही पड़ेगा। उन्हे सत्ता में बने रहने का कोई औचित्य नहीं है। अगर उनमें थोड़ी भी नैतिकता बची है तो वे अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए.
महागामा की जनसभा में बाबूलाल ने कहा- भ्रष्ट हेमंत सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए संकल्प दिलाने आया हूं…!
संकल्प यात्रा के दूसरे दिन भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने महागामा विधानसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हेमंत सोरेन रोज़गार नहीं तो भत्ता समेत कई वादे करके सत्ता में आये, किंतु किए गये वादों को तो छोड़ दीजिये जो, हक़-अधिकार था उसे भी छीन लिया है। राज्य में आतंक और भय का माहौल है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का विरोध करने पर सांसद निशिकांत दुबे पर सरकार के निर्देश पर दर्जन भर केस दर्ज हैं. आम आदमी का क्या हाल होगा समझा जा सकता है। उन्होंने कहा कि क़ानून राज स्थापित करने, भयमुक्त राज्य बनाने के लिए और इस भ्रष्ट हेमंत सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए संकल्प दिलाने आया हूं।
सोरेन परिवार ने नाम बदल-बदल कर आदिवासियों को लूटा
श्री मरांडी ने जनसभा में कहा कि हेमंत सोरेन और परिवार ने सर्वाधिक आदिवासियों को लूटा है। नाम बदल-बदल कर आदिवासियों को लूटा है। पत्थर, कोयला, बालू की लूट मची है। प्रदेश में घुसपैठियों, दलालों और भर्ष्टाचारियों के निर्देश पर सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की जहां-जहां सरकार रही है, वहां विकास की चर्चा होती है, जबकि कांग्रेस, जेएमएम और राजद जैसी परिवारवाद की पार्टियों की सरकार में लूट मची है। श्री मरांडी ने कहा कि यह संकल्प यात्रा ऐसी भ्रष्ट निकम्मी राज्य सरकार को बदलने का आह्वान है।