25.1 C
Ranchi
Thursday, September 19, 2024
Advertisement
HomeLocal NewsHazaribaghधनी राज्य झारखंड के लोग कब तक गरीब रहेंगे: प्रोफेसर जैनेंद्र यादव

धनी राज्य झारखंड के लोग कब तक गरीब रहेंगे: प्रोफेसर जैनेंद्र यादव

झारखंड अलग राज्य बनने का लाभ जनता को मिला क्या? डॉ सादिक रज्जाक

झारखंड बने अब 24 वर्ष पूरे होने को चले हैं। राज्य आज भी धनी है परंतु विडंबना यह है कि लोग आज भी गरीब ही हैं। मुट्ठी भर नेता, अधिकारी और ठेकेदार को ही झारखंड अलग राज्य बनने का लाभ हुआ है। यह झारखंड में शासन करने वाले सभी राजनीतिक दलों पर एक बड़ा प्रश्न चिन्ह लगाता है।

उक्त बातें सिद्धू कानू मुर्मू विश्वविद्यालय दुमका के राजनीति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर जैनेंद्र यादव ने कही। प्रोफेसर यादव विनोबा भावे विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर राजनीति विज्ञान विभाग में “झारखंड में राजनीतिक दलों का योगदान” विषय पर बुधवार को व्याख्यान दे रहे थे।

प्रोफेसर यादव ने बताया कि झारखंड के धन को यहां के आम लोगों तक नहीं पहुंचा जा सका है। आज भी झारखंड में गरीबी और कुपोषण व्याप्त है। शिक्षा और स्वास्थ्य के स्तर में भी अपेक्षा अनुसार सुधार नहीं हो पाया है। आम लोगों का जीवन कठिनाइयों में गुजर रहा है। जनजातियों के मामलों की भी उपेक्षा हो रही है। 24 वर्षों में तो झारखंड को भारत का श्रेष्ठतम राज्य का स्थान प्राप्त होना चाहिए था। हमारे शासको ने आज झारखंड को भारत का दूसरा सबसे गरीब प्रदेश का स्थान मे ला कर खड़ा कर दिया है।

चाहे शासन किसी भी राजनीतिक दल का हुआ हो बड़ी-बड़ी बातें जरूर कही गई है। बड़े-बड़े राजनीतिक विचारधाराओं को जरूर बताया गया है। उन्होंने पूछा कि जो विचारधारा लोगों के जीवन स्तर में सुधार नहीं ला सकता उस विचारधारा का होने का क्या औचित्य है? मैं उस विचारधारा को सर्वोत्तम मानूंगा जिस विचारधारा के माध्यम से झारखंड के लोगों को बेहतर जीवन स्तर की प्राप्ति होगी।

अपने संबोधन में समाज विज्ञान संकायअध्यक्ष डॉ सादिक रज्जाक ने बताया कि झारखंड में अलग-अलग दालों के शासन के बावजूद आम लोगों को अलग राज्य बनने का लाभ प्राप्त नहीं हो पाया है। जनजाति समाज भी अलग राज्य बनने के लाभों से वंचित ही रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम शिक्षा जगत के लोगों का यह दायित्व है कि हम झारखंड राज्य को लेकर और भी शोध करें। समाज को और सरकार को बताएं की विकास योजना में खामियां कहां है। यह भी बताएं कि क्या करने से हमारे राज्य के लोग लाभान्वित होंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष डॉ सुकल्याण मोइत्रा तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ अजय बहादुर सिंह ने किया। इस अवसर पर विभागीय प्राध्यापक डॉ बीपी सिंह, डॉ रीता कुमारी, बरकट्ठा महाविद्यालय के नवनियुक्त प्राचार्य डॉ बलदेव राम, बरही महाविद्यालय के नवनियुक्त प्राचार्य डॉ जेपी रविदास, विभाग के शोधार्थी एवं अच्छी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।

News – विजय चौधरी

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments