भारतीय जनता पार्टी गुमला जिला कार्यसमिति की बैठक सम्पन्न, चुनावी रणनीति पर चर्चा

भाजपा नेताओं ने आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा की, बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती पर दिया जोर।

0
38
राम भक्तों के लिए

गुमला – दिनांक 01-09-24 को भारतीय जनता पार्टी गुमला जिला कार्यसमिति की बैठक जिला अध्यक्ष शिवप्रसाद साहू की अध्यक्षता में बिरसा मुंडा एग्रो पार्क के आनंदमई भवन में आयोजित की गई। इस बैठक का शुभारंभ श्रद्धेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर और सामूहिक वंदे मातरम् गान के साथ किया गया।

बैठक में उपस्थित प्रमुख अतिथियों को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रमंडलीय प्रभारी गणेश मिश्र, जिला संगठन प्रभारी मनोज मिश्रा, प्रदेश मंत्री मुनेश्वर साहू, और छत्तीसगढ़ के पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

जिला अध्यक्ष शिवप्रसाद साहू ने स्वागत भाषण में बताया कि प्रदेश के निर्देशानुसार जिले के सभी 17 मंडलों में कार्यसमिति की बैठक आगामी 4-5 सितंबर तक आयोजित करनी है, जिसमें सभी 45 कार्यसमिति सदस्य और शक्ति केंद्र के संयोजक अनिवार्य रूप से शामिल होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन को मजबूती देकर हम जिले की सभी तीनों विधानसभा सीटों पर विजय हासिल करेंगे।

प्रमुख अतिथि प्रमंडलीय प्रभारी गणेश मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा जो कहती है, उसे 100 फ़ीसदी पूरा करती है। उन्होंने वर्तमान हेमंत सोरेन सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि यह सरकार दलालों के साथ चलने वाली और तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली है। उन्होंने राज्य में खनिज संपदाओं की लूट का भी जिक्र किया और कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर राज्य को विकास के पथ पर ले जाया जाएगा।

जिला प्रभारी मनोज मिश्रा ने मंडल स्तर की बैठकों के शत-प्रतिशत आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अहंकार से बचने और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से समन्वय बनाकर काम करने का आह्वान किया।

पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रवीण सिंह ने बूथ कमेटी में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और समाज के वरिष्ठ लोगों को भाजपा का समर्थक बनाने पर जोर दिया। उन्होंने सभी मंडलों में संचालन समिति के गठन और हर विधानसभा में 200 सदस्यों की टीम तैयार करने की आवश्यकता बताई।

पूर्व जिला अध्यक्ष विनय लाल ने सभी को साथ लेकर चलने और पार्टी को मजबूत करने की बात कही। प्रदेश मंत्री मुनेश्वर साहू ने संगठन की संरचना के अनुरूप कार्य करने और भाजपा को जीतने से कोई नहीं रोक सकेगा, इस विश्वास को दोहराया।

छत्तीसगढ़ के पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू ने उड़ीसा की तर्ज पर झारखंड में भी भाजपा की विजय सुनिश्चित करने के लिए बूथ स्तर पर मजबूत कार्य करने की आवश्यकता बताई।

पूर्व सांसद सुदर्शन भगत ने राज्य में अमन-चैन और खुशहाली के लिए भाजपा की सरकार बनाने पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं को ठगने वाली वर्तमान सरकार की विफलताओं को जनता तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई।

बैठक का संचालन महामंत्री राम अवतार भगत और धन्यवाद ज्ञापन जिला उपाध्यक्ष अवधेश प्रताप शाहदेव ने किया। बैठक में भाजपा अनुसूचित जनजाति के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. दिनेश उरांव, और अन्य प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित थे।

News – गनपत लाल चौरसिया

Edited by – Sanjana Kumari.

राम भक्तों के लिए