24.6 C
Ranchi
Saturday, March 7, 2026
Advertisement
HomeEducationझारखंड में पहली बार होगी राज्यस्तरीय FLN चैंपियनशिप, 216 छात्र दिखाएंगे प्रतिभा

झारखंड में पहली बार होगी राज्यस्तरीय FLN चैंपियनशिप, 216 छात्र दिखाएंगे प्रतिभा

रांची, 2 अप्रैल 2025: झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के तत्वावधान में राज्य सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा पहली बार राज्यस्तरीय FLN (Foundational Literacy and Numeracy) चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता गणित, हिंदी और अंग्रेजी विषयों पर आधारित होगी, जिसमें सरकारी स्कूलों के कक्षा 2 से 5 तक के 216 प्रतिभाशाली विद्यार्थी अपनी दक्षता का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का सेमीफाइनल 3 अप्रैल को झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (JCERT), रातू में और फाइनल 4 अप्रैल को रांची के डोरंडा स्थित शौर्य सभागार में आयोजित किया जाएगा।

तीन चरणों से गुजरकर चुने गए 216 विद्यार्थी

इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्रों का चयन विद्यालय, प्रखंड और जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के माध्यम से किया गया है। फाइनल में पहुंचने के लिए सेमीफाइनल में प्रदर्शन के आधार पर 72 विद्यार्थियों को चुना जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों की गणितीय क्षमता, भाषाई कौशल और रचनात्मक प्रस्तुति कौशल का आकलन किया जाएगा।

विजेताओं को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर पर जाने का मौका

FLN चैंपियनशिप में अंग्रेजी विषय के विजेता छात्रों को मुंबई में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय वर्ड पावर चैंपियनशिप में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। हिंदी और गणित विषयों में जीतने वाले विद्यार्थियों को भी मुंबई भ्रमण कराया जाएगा। इस यात्रा और आवास की संपूर्ण व्यवस्था स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा की जाएगी।

राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन कर चुका है झारखंड

गौरतलब है कि वर्ष 2023 में झारखंड ने वर्ड पावर चैंपियनशिप का राष्ट्रीय खिताब जीता था। सरकारी स्कूलों के प्रतिभाशाली छात्रों ने कठिन अंग्रेजी शब्दों के सही और रचनात्मक उत्तर देकर झारखंड को विजेता बनाया था। इस वर्ष भी झारखंड के छात्र राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए पूरी तैयारी कर चुके हैं। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के विजेता छात्रों को राष्ट्रीय स्पर्धा से पहले विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे उनमें आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास हो सके।

वर्ड पावर चैंपियनशिप: बच्चों के भाषा कौशल को बढ़ावा देने की पहल

वर्ड पावर चैंपियनशिप एक प्रतिष्ठित शैक्षिक प्रतियोगिता है, जिसका उद्देश्य बच्चों के भाषा कौशल, शब्दावली, वर्तनी और शब्दों के प्रयोग को मजबूत करना है। इस प्रतियोगिता में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के कक्षा 2 से 5 तक के बच्चे भाग लेते हैं और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपनी क्षमता प्रदर्शित करते हैं।

राज्य सरकार ने इस वर्ष FLN चैंपियनशिप को वर्ड पावर चैंपियनशिप की तर्ज पर आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस पहल से न केवल बच्चों के बौद्धिक और शैक्षिक विकास को बल मिलेगा, बल्कि उनमें आत्मनिर्भरता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का भी संचार होगा।

News Desk 


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading