20.5 C
Ranchi
Monday, March 9, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsHazaribaghविभावि में सांस्कृतिक रंगों से सजा 'वीबीयूनेशन' का मंच, छात्रों ने कला...

विभावि में सांस्कृतिक रंगों से सजा ‘वीबीयूनेशन’ का मंच, छात्रों ने कला के माध्यम से बिखेरे हुनर

हज़ारीबाग, 5 जुलाई 2025 — विनोबा भावे विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद सभागार में शनिवार को छात्रों की ओर से आयोजित ‘वीबीयूनेशन’ कार्यक्रम ने कला और संस्कृति की विविध छवियों को एक मंच पर जीवंत कर दिया। कार्यक्रम का आयोजन कलाकृति और तमाशा नामक छात्र-संस्थाओं ने संयुक्त रूप से किया, जिसका उद्देश्य रचनात्मक प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देना था।

इस भव्य आयोजन की शुरुआत जोड़ी डांस प्रतियोगिता से हुई, जहां प्रतिभागियों ने मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। इस प्रतियोगिता में सौम्या और दीपशिखा की जोड़ी ने बेहतरीन तालमेल और ऊर्जा के साथ प्रस्तुति देकर सर्वश्रेष्ठ जोड़ी का खिताब अपने नाम किया।

कार्यक्रम का भावनात्मक केंद्रबिंदु रहा तमाशा सोसाइटी द्वारा प्रस्तुत नाटक ‘कहानी एक किसान की’, जिसमें देश के किसानों की चुनौतियों और उनके संघर्षों को गहराई से मंच पर उतारा गया। इस प्रस्तुति में गुलशन कुमार के सशक्त अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा और उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

इसके अतिरिक्त, कई छात्रों ने मंच से कविताएँ, शायरी और गीत प्रस्तुत किए, जो दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय रहे। पूरे आयोजन के दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट और सांस्कृतिक उत्साह से गूंजता रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उर्दू विभागाध्यक्ष एवं कला-संस्कृति समिति के अध्यक्ष डॉ. एस ज़ेड हक़ ने विद्यार्थियों की मेहनत और रचनात्मकता की सराहना की। उन्होंने कहा, “छात्रों की यह पहल न केवल उनके व्यक्तित्व विकास में सहायक है, बल्कि विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूती देती है।”

कार्यक्रम की सफलता में अविनय राज, निरजला सिंह, हिमांशु, शौर्या श्री, इरफ़ान, ऋषभ, शगुफ़्ता, काजल, स्पर्धा, दीपिका, गुलशन कुमार, रोहित सिंह, नवीन और अमन का अहम योगदान रहा।

वीबीयूनेशन का यह आयोजन विद्यार्थियों के भीतर छिपी रचनात्मक ऊर्जा को सामने लाने और सामाजिक सरोकारों को कला के माध्यम से व्यक्त करने का एक उत्कृष्ट उदाहरण बन गया।

News – Vijay Chaudhary


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading