33.6 C
Ranchi
Thursday, March 12, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsHazaribaghशोध पद्धति पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला आज से विभावि में प्रारंभ,...

शोध पद्धति पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला आज से विभावि में प्रारंभ, देशभर के विशेषज्ञ देंगे मार्गदर्शन

हजारीबाग, 8 जुलाई 2025 — विनोबा भावे विश्वविद्यालय (विभावि) के स्नातकोत्तर मनोविज्ञान विभाग द्वारा रिसर्च मेथडोलॉजी विषय पर केंद्रित दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का शुभारंभ मंगलवार से हो रहा है। इस शैक्षणिक आयोजन में देश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के विषय विशेषज्ञ शोध के विभिन्न पहलुओं पर विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

कार्यशाला का उद्घाटन सीवी रमन भवन स्थित आर्यभट्ट सभागार में प्रातः 11:30 बजे विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ. चन्द्र भूषण शर्मा द्वारा किया जाएगा। उद्घाटन सत्र में वे शोध कार्यों की वैज्ञानिक पद्धति, उसकी आवश्यकता और वर्तमान शैक्षणिक परिवेश में उसकी प्रासंगिकता पर विचार प्रस्तुत करेंगे।

प्रमुख वक्ताओं की होगी सहभागिता

कार्यशाला के मुख्य वक्ता के रूप में केन्द्रीय विश्वविद्यालय, दक्षिण बिहार (गया) के सामाजिक विज्ञान संकायाध्यक्ष डॉ. धर्मेन्द्र कुमार तथा बी.एन. मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा (बिहार) के मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. इंतेखाबुर रहमान शामिल होंगे। दोनों विद्वान प्रतिभागियों को शोध के सिद्धांत, डिजाइन व विश्लेषण की बारीकियों से अवगत कराएंगे।

SPSS व पायलट स्टडी पर होंगी तकनीकी चर्चाएं

पहले दिन के द्वितीय सत्र में डॉ. इंतेखाबुर रहमान द्वारा SPSS सॉफ्टवेयर की सहायता से डेटा विश्लेषण के तकनीकी पक्षों पर व्याख्यान दिया जाएगा। वहीं अंतिम सत्र में विज्ञान संकाय के डीन डॉ. एच.एन. सिन्हा “पायलट स्टडी” की अवधारणा पर विस्तार से चर्चा करेंगे, जिससे प्रतिभागियों को शोध की पूर्व तैयारी की महत्ता समझ में आएगी।

राज्यभर से 70 शोधार्थी होंगे शामिल

इस कार्यशाला में विभावि के विभिन्न विभागों के साथ-साथ राज्य के अलग-अलग महाविद्यालयों से आए कुल 70 शोधार्थी पंजीकृत हुए हैं। कार्यशाला प्रतिदिन चार सत्रों में आयोजित की जाएगी, जिसमें सिद्धांतात्मक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक पक्षों पर भी बल दिया जाएगा।

कार्यशाला का आयोजन झारखंड उच्च शिक्षा निदेशालय, रांची के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य नव शोधार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शोध की दिशा में तैयार करना और उन्हें आधुनिक शोध तकनीकों से परिचित कराना है।

News – Vijay Chaudhary


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading