32.2 C
Ranchi
Saturday, March 7, 2026
Advertisement
HomeSportझारखंड ने राष्ट्रीय बाल रंग महोत्सव में रचा इतिहास, ‘मानभूम छाऊ’ नृत्य...

झारखंड ने राष्ट्रीय बाल रंग महोत्सव में रचा इतिहास, ‘मानभूम छाऊ’ नृत्य को मिला प्रथम स्थान

रांची, 6 दिसंबर 2025

भोपाल में आयोजित राष्ट्रीय बाल रंग महोत्सव 2025 में झारखंड ने दस वर्षों बाद इतिहास रचते हुए प्रथम स्थान हासिल किया है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अधीन झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की अगुवाई में राज्य की टीम ने अपने पारंपरिक ‘मानभूम छाऊ नृत्य’ की प्रस्तुति से निर्णायकों और दर्शकों का दिल जीता।

यह राष्ट्रीय कार्यक्रम इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय (IGRMS), भोपाल में आयोजित किया गया, जिसमें 22 राज्यों के बाल कलाकारों ने भाग लिया। महोत्सव का उद्देश्य बच्चों में कला, संस्कृति और रचनात्मकता का विकास करना है।

उत्कृष्ट प्रस्तुति से झारखंड को मिला राष्ट्रीय गौरव

झारखंड की टीम ने मंच पर अपनी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत करते हुए मानभूम छाऊ नृत्य प्रस्तुत किया। बच्चों की अभिव्यक्ति, ताल-लय, वेशभूषा और नृत्य शैली की सभी ने सराहना की। इस शानदार प्रदर्शन ने झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाई।

विजेता टीम पूर्वी सिंहभूम जिले के उत्क्रमित उच्च विद्यालय डिग्गी भूला बौरम के 15 बाल कलाकारों की थी, जो निवारण महतो, कृष्णा हंसदा, लक्ष्मी चरण साइस, श्रीचरण साइस और संतोष महतो के नेतृत्व में प्रतियोगिता में शामिल हुई। प्रतियोगिता में चंडीगढ़ दूसरे और असम तीसरे स्थान पर रहा।

दस साल बाद मिली बड़ी सफलता

राष्ट्रीय बाल रंग महोत्सव की शुरुआत वर्ष 2015 में हुई थी। तब से लगातार भागीदारी के बावजूद झारखंड को जीत का इंतजार था, जो इस वर्ष की उत्कृष्ट प्रस्तुति के साथ पूरा हुआ।

राज्य में खुशी का माहौल

झारखंड की इस उपलब्धि से पूरे राज्य में उत्साह है। राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि “2015 से निरंतर प्रयासों के बाद आज हमारे बाल कलाकारों ने इतिहास रच दिया है। यह झारखंड के लिए गर्व का क्षण है।”

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद दि. तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग, समन्वयक चंद्रदेव सिंह और राज्य खेल कोषांग के सभी सदस्यों ने विजेता टीम को बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

न्यूज़ डेस्क 


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading