32.2 C
Ranchi
Saturday, March 7, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaधान अधिप्राप्ति 2025-26: गुमला में 15 दिसंबर से समर्थन मूल्य पर होगी...

धान अधिप्राप्ति 2025-26: गुमला में 15 दिसंबर से समर्थन मूल्य पर होगी धान की खरीद

किसानों को ₹2,450 प्रति क्विंटल मिलेगा मूल्य, बिचौलियों से बचने की प्रशासन ने की अपील

गुमला,
झारखंड सरकार की धान अधिप्राप्ति योजना के तहत गुमला जिले में धान अधिप्राप्ति वर्ष 2025-26 के लिए समर्थन मूल्य पर धान क्रय की प्रक्रिया 15 दिसंबर 2025 से शुरू की जाएगी। जिला प्रशासन ने किसानों से योजना का अधिकतम लाभ उठाने और अपनी उपज केवल अधिकृत सरकारी केंद्रों पर ही बेचने की अपील की है।

जिला प्रशासन के अनुसार, जिले के चयनित लैम्पस/पैक्स एवं अन्य अधिप्राप्ति केंद्रों के माध्यम से धान की खरीद की जाएगी। किसानों को उनकी उपज का मूल्य न्यूनतम समर्थन मूल्य तथा राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत बोनस सहित कुल 2,450 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जाएगा, जिससे उन्हें उनकी मेहनत का उचित पारिश्रमिक मिल सके।

बिचौलियों से बचने की अपील

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान की खरीद केवल अधिकृत अधिप्राप्ति केंद्रों, लैम्पस-पैक्स और ई-उपार्जन प्रणाली के माध्यम से ही की जाएगी। किसी भी निजी बिचौलिये या अवैध व्यापारी को समर्थन मूल्य पर धान खरीदने का अधिकार नहीं है। किसानों से अपील की गई है कि वे किसी भी परिस्थिति में समर्थन मूल्य से कम दर पर धान न बेचें और सीधे सरकारी केंद्रों पर ही विक्रय करें।

पंजीकरण अनिवार्य, भुगतान सीधे खाते में

धान विक्रय से पहले किसानों का पंजीकरण अनिवार्य है। पंजीकरण नजदीकी लैम्पस-पैक्स, सहकारी समिति या ई-उपार्जन पोर्टल के माध्यम से कराया जा सकता है। पंजीकृत किसानों को धान अधिप्राप्ति के बाद निर्धारित समयावधि में उनके बैंक खातों में सीधे ऑनलाइन भुगतान किया जाएगा, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और सुरक्षित बनी रहे।

जिला प्रशासन ने किसानों से समय पर पंजीकरण कराने, जागरूकता कार्यक्रमों में भाग लेने और योजना से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने की अपील की है। किसी भी प्रकार की जानकारी, शिकायत या सहायता के लिए किसान अपने संबंधित प्रखंड कार्यालय, जिला आपूर्ति शाखा या ई-उपार्जन हेल्पडेस्क से संपर्क कर सकते हैं।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading