21.7 C
Ranchi
Sunday, March 8, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaबजरंग दल के तत्वावधान में गुमला में निकली भव्य शौर्य यात्रा, हजारों...

बजरंग दल के तत्वावधान में गुमला में निकली भव्य शौर्य यात्रा, हजारों कार्यकर्ता हुए शामिल

गुमला। बजरंग दल गुमला जिला के तत्वावधान में बुधवार को जिला मुख्यालय में सनातन हिंदू धर्मावलंबियों द्वारा एक विशाल एवं भव्य शौर्य यात्रा निकाली गई। शौर्य यात्रा की शुरुआत शहर के लिपटस बगीचा से हुई, जिसका शुभारंभ बजरंग दल झारखंड प्रांत के संयोजक रंगनाथ महतो ने भगवान श्रीराम की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया।

शौर्य यात्रा में जिले के सभी प्रखंडों से विहिप-बजरंग दल, दुर्गावाहिनी एवं मातृशक्ति के हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इसके साथ ही सैकड़ों की संख्या में कोरबा समाज के लोग भी पारंपरिक हथियार तीर-धनुष के साथ यात्रा में शामिल हुए। यात्रा के दौरान जय श्रीराम, भारत माता की जय, रामलखन जानकी—जय बोलो हनुमान की तथा अन्य धार्मिक नारों से पूरा शहर गूंज उठा।

शौर्य यात्रा को देखते हुए गुमला शहर के अधिकांश दुकानें एवं प्रतिष्ठान बंद रहे। विभिन्न हिंदू, धार्मिक एवं आध्यात्मिक संगठनों द्वारा यात्रा को समर्थन दिया गया। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर तथा शरबत, जल और चना वितरण कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया।

यात्रा लोहरदगा रोड होते हुए गुमला बस डिपो पहुंची, जहां यह एक सभा में परिवर्तित हो गई। सभा को संबोधित करते हुए बजरंग दल के प्रांत संयोजक रंगनाथ महतो ने कहा कि एक दिसंबर से गीता जयंती के अवसर पर देशभर में बजरंग दल के तत्वावधान में शौर्य यात्रा, शौर्य संचलन एवं शौर्य सभा का आयोजन किया जा रहा है, ताकि भगवद्गीता की ऐतिहासिक गरिमा और महत्व को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।

उन्होंने कहा कि भगवद्गीता के 700 श्लोकों में जीवन की हर परिस्थिति से संघर्ष करने का मार्ग बताया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि सनातन परंपरा में अनेक ग्रंथ हैं, लेकिन भगवद्गीता की जयंती इसलिए मनाई जाती है क्योंकि इसका प्रादुर्भाव कुरुक्षेत्र में स्वयं भगवान श्रीकृष्ण के श्रीमुख से हुआ।

अपने संबोधन में उन्होंने राम जन्मभूमि आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि हिंदुओं की सामूहिक शक्ति और लंबे संघर्ष के परिणामस्वरूप आज राम मंदिर विश्व के प्रमुख तीर्थ स्थलों में शामिल हुआ है। उन्होंने युवाओं से इतिहास को समझने और सामाजिक एकता बनाए रखने का आह्वान किया।

सभा में बजरंग दल एवं विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में सनातनी समाज के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading