29.4 C
Ranchi
Tuesday, June 16, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaनशा मुक्ति अभियान के तहत जागरूकता रथ रवाना, उपायुक्त ने दिलाई नशामुक्ति...

नशा मुक्ति अभियान के तहत जागरूकता रथ रवाना, उपायुक्त ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ

गुमला (ब्यूरो प्रमुख ) – गणपत लाल चौरसिया

गुमला, 15 जून: राज्य सरकार द्वारा 10 जून से 25 जून 2026 तक चलाए जा रहे राज्यव्यापी निषिद्ध मादक पदार्थ जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को गुमला जिला मुख्यालय में जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से जागरूकता रथ को रवाना किया गया। समाहरणालय परिसर से उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने हरी झंडी दिखाकर रथ को जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों के लिए रवाना किया।

इस अवसर पर उपायुक्त ने जिलेवासियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि उसके परिवार, समाज और भविष्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सरकार के इस 15 दिवसीय विशेष अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए गुमला को नशामुक्त एवं खुशहाल बनाने में सहयोग करें।

अभियान के तहत समाहरणालय परिसर में जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटक का मंचन भी किया गया। कलाकारों ने अपने प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से नशे की लत से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों को प्रस्तुत किया तथा लोगों को इससे दूर रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जनजागरूकता ही इस सामाजिक बुराई को समाप्त करने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

जागरूकता रथ के माध्यम से जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लोगों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी जाएगी तथा उन्हें नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

नशे की लत से पीड़ित व्यक्तियों के लिए प्रशासन ने सहायता एवं परामर्श सेवाओं की जानकारी भी साझा की है। सहायता के लिए 24×7 टोल फ्री नंबर 112 पर संपर्क किया जा सकता है। वहीं परामर्श एवं उपचार हेतु रिनपास (रांची), केंद्रीय मनोचिकित्सा संस्थान (सीआईपी), रांची तथा एम्स देवघर में सुविधाएं उपलब्ध हैं।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त अनिमेश रंजन, सिविल सर्जन डॉ. शंभूनाथ चौधरी, अनुमंडल पदाधिकारी अखिलेश कुमार, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी ललन कुमार रजक सहित जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

“नशामुक्त गुमला, खुशहाल गुमला” के संकल्प के साथ जिला प्रशासन द्वारा यह अभियान जिलेभर में चलाया जा रहा है।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading