22.4 C
Ranchi
Thursday, July 23, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaउपायुक्त की अध्यक्षता में एनसीओआरडी , कारा एवं जिला टास्क फोर्स (खनन)...

उपायुक्त की अध्यक्षता में एनसीओआरडी , कारा एवं जिला टास्क फोर्स (खनन) की संयुक्त समीक्षात्मक बैठक आयोजित, नशा, अवैध खनन एवं परिवहन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

गुमला (ब्यूरो प्रमुख ) – गणपत लाल चौरसिया

गुमला : – उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में (राष्ट्रीय नारकोटिक्स समन्वय पोर्टल), कारा प्रशासन एवं जिला टास्क फोर्स (खनन) से संबंधित संयुक्त समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मादक पदार्थों की रोकथाम, अवैध खनन एवं परिवहन पर नियंत्रण, कारा प्रशासन की व्यवस्थाओं तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान निरंतर चलाया जाए। सभी प्रमुख मार्गों एवं अंतरजिला सीमाओं पर नियमित जांच अभियान संचालित करते हुए दूसरे जिलों से आने वाले वाहनों की सघन जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पुलिस एवं संबंधित विभागों को मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां त्वरित एवं सघन छापेमारी करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कम उम्र के बच्चों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए सभी विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान “नशा-मुक्ति जागरूकता अभियान” संचालित करने का निर्देश दिया। साथ ही स्कूलों के बाहर, मेडिकल दुकानों एवं सार्वजनिक स्थलों के आसपास जागरूकता एवं निगरानी अभियान चलाने को कहा। उन्होंने अनुमंडल स्तर पर नियमित उक्त बैठक आयोजित करने तथा शहरी एवं आसपास के क्षेत्रों में देर रात तक खुली रहने वाली दुकानों को नियमानुसार समय पर बंद कराने का भी निर्देश दिया।
खनन संबंधी समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने अवैध खनन एवं अवैध परिवहन पर पूर्ण नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संभावित बालू निकासी क्षेत्रों, समाप्त खनन पट्टों तथा चालू पट्टाक्षेत्रों के बाहर नियमित निरीक्षण एवं छापेमारी कर अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए। प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में बताया गया कि जिले में वर्तमान में 29 पत्थर खनन क्षेत्र हैं, जिनमें 17 संचालित हैं। वहीं कैटेगरी-2 के 18 बालू घाटों के संचालन हेतु ऑनलाइन नीलामी प्रक्रिया के बाद ग्राम सभा की कार्रवाई प्रगति पर है। उपायुक्त ने संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों को ग्राम सभाओं की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराते हुए आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा बालू की उपलब्धता की समस्या के समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
उन्होंने उपलब्ध स्टॉक बालू की जांच, निर्गत ई-चालानों की सत्यता का सत्यापन तथा बालू परिवहन करने वाले सभी वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही बॉक्साइट परिवहन में ओवरलोडिंग के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाने तथा 15 वर्ष से अधिक पुराने बॉक्साइट वाहनों की जिला परिवहन पदाधिकारी स्तर से विशेष जांच कराने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि खनिज लदे वाहनों के परिवहन चालानों, ओवरलोडिंग एवं खनिजों को ढंककर परिवहन किए जाने की नियमित जांच की जाए। इसके अतिरिक्त खनन पट्टों एवं क्रशर इकाइयों का नियमित निरीक्षण कर बाउंड्री पिलर, साइन बोर्ड एवं पर्यावरणीय मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।
कारा प्रशासन की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने नवनिर्मित भवनों के शेष कार्य एवं सीपेज संबंधी समस्याओं का शीघ्र समाधान कर भवन का हैंडओवर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बंदियों की नियमित स्वास्थ्य जांच, आवश्यक एक्स-रे एवं अन्य चिकित्सीय परीक्षण समय-समय पर कराने के भी निर्देश दिए।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी गुमला, अनुमंडल पदाधिकारी बसिया, अनुमंडल पदाधिकारी चैनपुर, गुमला, एसडीपीओ चैनपुर, बसिया,जिला शिक्षा अधीक्षक गुमला, जिला शिक्षा पदाधिकारी गुमला, जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी गुमला, जेल अधीक्षक, एनएचएआई, आरईओ एवं आरसीडी के कार्यपालक अभियंता एवं सहायक अभियंता, पुलिस कर्मी सहित विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading