न्यूज – कहकशां फारूकी
Gomia___अमर वीर शहीद निर्मल महतो के शहादत दिवस पर शनिवार को पेटरवार स्थित आवासीय कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्रीमती बबीता देवी शामिल हुईं। उन्होंने शहीद निर्मल महतो के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर बबीता देवी ने कहा कि झारखंड की अस्मिता, अधिकार और अलग राज्य के आंदोलन में शहीद निर्मल महतो का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने झारखंड और यहां के लोगों के अधिकारों के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका संघर्ष, त्याग और बलिदान झारखंडवासियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
उन्होंने कहा कि शहीद निर्मल महतो ने जिस झारखंड का सपना देखा था, उसे साकार करने की जिम्मेदारी हम सभी की है। समृद्ध, सशक्त और अधिकार संपन्न झारखंड का निर्माण ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने शहीद निर्मल महतो के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।







