23.8 C
Ranchi
Monday, August 10, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGomiaकमरा नंबर 106 से उठती रही दुर्गंध, दरवाजा तोड़ा तो मिला सड़ा-गला...

कमरा नंबर 106 से उठती रही दुर्गंध, दरवाजा तोड़ा तो मिला सड़ा-गला शव

News – Kahkashan Farooqi

डोली पैलेस में कई दिनों से बंद था कमरा, किरायेदार की मौत से मची सनसनी
गोमिया___ बैंक मोड़ स्थित डोली पैलेस के कमरा नंबर 106 में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब कई दिनों से बंद कमरे से तेज दुर्गंध आने के बाद दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया। कमरे के भीतर एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव पड़ा मिला। शव की हालत इतनी खराब थी कि प्रथम दृष्टया उसकी मौत कई दिन पहले होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, डोली पैलेस के कमरे से तेज दुर्गंध आने पर अपार्टमेंट के चौकीदार ने मकान मालिक सत्यनारायण प्रसाद को इसकी सूचना दी। मकान मालिक ने तत्काल आईईएल थाना पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो पुलिस ने उसे तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला।
मेजर बताकर 22 फरवरी को लिया था कमरा
मकान मालिक सत्यनारायण प्रसाद के अनुसार, मृतक ने खुद को मेजर बताते हुए गत 22 फरवरी को कमरा किराये पर लिया था। वह पिछले कई महीनों से इसी कमरे में रह रहा था। मकान मालिक ने बताया कि 3-4 अगस्त को किराया लेने को लेकर मृतक से बातचीत भी हुई थी। इसके बाद वह कमरे में ही था।
प्रथम दृष्टया मृतक की पहचान सुभाष अशोक धूमल (44) के रूप में बताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। आईईएल थाना प्रभारी श्यामल मंडल के अनुसार शव की पहचान की प्रक्रिया चल रही है और परिजनों से संपर्क के बाद ही इसकी आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।
आईडी कार्ड समेत कई सामान बरामद
पुलिस को कमरे से क्राइम प्रिवेंशन इन्वेस्टिगेशन काउंसिल का आईडी कार्ड भी मिला है। पुलिस ने कमरे से मिले दस्तावेजों और अन्य सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक के महाराष्ट्र के सतारा जिले के चिंचनेर का रहने वाला होने की बात सामने आई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मृतक का वास्तविक परिचय क्या था और वह किस काम से गोमिया में रह रहा था। उसके पुलिस या सेना से जुड़े होने की बात भी सामने आई है, जिसकी पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि मौत कई दिन पहले हुई होगी। हालांकि मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
आईईएल थाना प्रभारी श्यामल मंडल ने बताया कि शव की पहचान और मौत के कारणों को लेकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस मृतक के परिजनों से संपर्क करने के साथ कमरे से मिले दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।

 


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading