22.1 C
Ranchi
Thursday, September 24, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGomiaकोनार नदी में बहा 64 वर्षीय बुजुर्ग, तलाश जारी

कोनार नदी में बहा 64 वर्षीय बुजुर्ग, तलाश जारी

न्यूज – कहकशां फारूकी 

गोमिया_आईईएल थाना क्षेत्र ससबेड़ा पूर्वी पंचायत अंतर्गत जोबेड़ा गांव निवासी 64 वर्षीय मुंद्रिका यादव बुधवार सुबह कोनार नदी पार करने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आ गए। घटना के बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस, स्थानीय ग्रामीणों और 15 सदस्यीय गोताखोरों की टीम द्वारा उनकी तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, मुंद्रिका यादव मंगलवार शाम करमा पर्व के अवसर पर बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के गंडके गांव में आयोजित झूमर कार्यक्रम और विसर्जन देखने गए थे। कार्यक्रम के बाद वे वहीं रुके और बुधवार सुबह अपने गांव लौटने के लिए कोनार नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज धार में बह गए।

बताया गया कि घटनास्थल से कुछ दूरी पर मछली पकड़ रहे युवकों ने उन्हें नदी के बहाव में बहते देखा। युवकों ने बचाने का प्रयास किया और घटनास्थल की ओर पहुंचे, लेकिन तब तक मुंद्रिका यादव पानी में डूबकर लापता हो चुके थे। स्थानीय लोगों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन उनका पता नहीं चल पाया।

घटना की सूचना मिलने पर मुखिया प्रतिनिधि ने मौके पर पहुंचे और प्रशासन को जानकारी दी। इसके बाद आईईएल थाना प्रभारी श्यामल मंडल पुलिस बल- दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने नदी की स्थिति का जायजा लेते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की और गोताखोरों की टीम को तलाश अभियान में लगाया।

मृतक के पुत्र प्रदीप यादव, जयनाथ गोप सहित परिवार के अन्य सदस्य और ग्रामीण भी नदी के किनारे उनकी तलाश में जुटे हैं। स्थानीय ग्रामीणों का अनुमान है कि तेज बहाव के कारण वे आगे बहकर अरमो नदी की धार की ओर चले गए होंगे। इसी संभावना को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों में भी खोजबीन की जा रही है।

लगातार हो रही बारिश और नदी के तेज बहाव के कारण तलाशी अभियान में कठिनाई आ रही है। प्रशासन द्वारा कोनार डैम के फाटक को बंद कराया गया, जिससे नदी के बहाव में कुछ कमी आने की बात कही गई है। हालांकि नदी में अभी भी तेज पानी होने के कारण बचाव दल सावधानी के साथ अभियान चला रहा है।खबर लिखे जाने तक शव नहीं मिला।

घटना के बाद जोबेड़ा गांव में चिंता का माहौल बना है। मृतक की पत्नी मंगरी देवी समेत परिजन उनके सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। पुलिस, गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से तलाश अभियान फिलहाल जारी है।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading