News – Kahkashan Farooqi
गोमिया_बोकारो थर्मल स्थित वैष्णो मंदिर में ट्रस्ट गठन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मंगलवार को मंदिर परिसर में मंदिर से जुड़े लोगों एवं स्थानीय नागरिकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें हाल ही में गठित ट्रस्ट कमेटी को उपस्थित लोगों ने सिरे से खारिज कर दिया।
बैठक में मौजूद लोगों का कहना था कि ट्रस्ट कमेटी का गठन कुछ लोगों द्वारा मनमाने ढंग से किया गया है, जबकि मंदिर के निर्माण, रखरखाव और विकास में क्षेत्र के आम लोगों का वर्षों से महत्वपूर्ण योगदान रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि ट्रस्ट गठन की प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई तथा मंदिर से जुड़े अनेक सक्रिय लोगों को नजरअंदाज कर दिया गया।
बैठक में यह भी मुद्दा उठाया गया कि कई वर्षों से मंदिर में नियमित रूप से सेवा दे रहे पुजारी को भी ट्रस्ट में स्थान नहीं दिया गया है, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
भाजपा नेता एवं समाजसेवी मोती महतो ने कहा कि ट्रस्ट का गठन एक अच्छी और स्वागतयोग्य पहल है, लेकिन इसे आम लोगों की सहमति और विश्वास के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मंदिर सभी श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, इसलिए किसी भी निर्णय में सभी पक्षों की भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 14 जून को पुनः एक व्यापक बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी संबंधित पक्षों की राय लेकर सर्वसम्मति से ट्रस्ट के गठन और उसके स्वरूप पर अंतिम निर्णय लेने का प्रयास किया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर के भविष्य और विकास से जुड़े किसी भी निर्णय में जनभागीदारी और पारदर्शिता सर्वोपरि होनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान बना रहे।





















