27.3 C
Ranchi
Tuesday, July 14, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGomiaतीन आदिवासी युवकों की हत्या पर फूटा आक्रोश, एसआईटी जांच व गिरफ्तारी...

तीन आदिवासी युवकों की हत्या पर फूटा आक्रोश, एसआईटी जांच व गिरफ्तारी की मांग को लेकर तेनुघाट में प्रदर्शन

News – Kahkashan Farooqi 

पांच दिनों में कार्रवाई नहीं हुई तो जिला मुख्यालय का होगा घेराव, आंदोलन तेज करने की चेतावनी

Gomia– ग्राम टिकाहरा (मड़वाडीह) के तीन आदिवासी युवकों की हत्या के विरोध में जगेश्वर मांझी परगना संथाल समाज के बैनर तले तेनुघाट अनुमंडल कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में समाज के लोग पारंपरिक हथियारों के साथ प्रदर्शन में शामिल हुए और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, एसआईटी (विशेष जांच दल) से मामले की जांच तथा पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की।
प्रदर्शन के बाद समाज के प्रतिनिधिमंडल ने अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के माध्यम से झारखंड के राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि 4 जून को बबलू सोरेन, बाबूराम मुर्मू और दीपक सोरेन की कथित रूप से सुनियोजित ढंग से हत्या कर उनके शव राधागांव रेलवे ट्रैक पर फेंक दिए गए, ताकि घटना के साक्ष्य मिटाए जा सकें। घटना को डेढ़ माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर समाज ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया।
संघ के प्रतिनिधि दिनेश कुमार मुर्मू ने कहा कि यदि पांच दिनों के भीतर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित नहीं की गई, तो आदिवासी संथाल समाज जिला मुख्यालय का घेराव करेगा और राज्यव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।
वहीं अमित सोरेन ने कहा कि समाज की ओर से मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये का मुआवजा, प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, एसआईटी से निष्पक्ष जांच, पांच दिनों के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी तथा दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की गई है।
धरना-प्रदर्शन में जिला परिषद सदस्या सुनीता टुड्डू, सुरेश मुर्मू, भुनेश्वर केवट, आर.डी. मांझी, सोहराय किस्कू, बाबूलाल मरांडी, जीवन किस्कू, सुंदर लाल हांसदा, विनय मुर्मू, विनोद टुडू, कोलेश्वर हांसदा सहित बड़ी संख्या में समाज के महिला-पुरुष एवं युवा उपस्थित रहे।

 


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading