28.1 C
Ranchi
Saturday, July 27, 2024
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaकामडारा में मंडा पूजा मेला संपन्न: आग पर चलने और बांस झुलन...

कामडारा में मंडा पूजा मेला संपन्न: आग पर चलने और बांस झुलन का अद्भुत नज़ारा

गुमला – गुमला जिले के कामडारा में शनिवार को फूल खुन्दी (आग पर चलने) और बांस झुलन कार्यक्रम के साथ मंडा पूजा मेला संपन्न हो गया। इस वर्ष भगतियाओं की संख्या 42 रही।

शुक्रवार रात को जागरण में बंगाल का छउ नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसका उद्घाटन भुअर्जन पदाधिकारी रवि कुमार राम और पूजा समिति के अध्यक्ष बबलू रजक ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। छउ नृत्य में कृष्ण अर्जुन, गणेश, महादेव का नृत्य, दानव और देवताओं की जंग समेत रामायण और महाभारत की घटनाओं को कलाकारों ने छउ नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया। रात भर दर्शकों ने छउ नृत्य का आनंद लिया।

शनिवार सुबह भगतों ने फूल खुन्दी (आग पर चलने का विधान) और बांस झुलन किया। मेले में बच्चों के खिलौने, नाव झूला, जंपिंग झूला, मिठाई, लेडीज श्रृंगार की दुकानें समेत अन्य दुकानें लगीं। सभी दुकानों में लोगों की भारी भीड़ देखी गई। मेले में मुर्गा लड़ाई का आयोजन भी किया गया, जो आकर्षण का केंद्र रहा। विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को ड्यूटी करते देखा गया।

कामडारा मंडा मेले में नागपुरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नागपुरी कार्यक्रम का उद्घाटन सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष यमुना प्रसाद, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष बड़ाइक तारकेश्वर सिंह और मंडा पूजा अध्यक्ष बबलू रजक ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। मंडा पूजा अध्यक्ष बबलू रजक ने दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा कि मेले में शांति व्यवस्था बनाए रखें और नागपुरी प्रोग्राम का भरपूर आनंद उठाएं। माहौल खराब करने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी।

ज्योति साहू ने भगवान शंकर जी की वंदना गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके पश्चात लिटिल म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मंडा पूजा समिति अध्यक्ष बबलू रजक, संतोष साहू, यमुना प्रसाद समेत मंडा पूजा समिति के सभी सदस्य और बजरंग दल के सदस्यों का योगदान सराहनीय रहा। मेले में शांति बनाए रखने के लिए वॉलंटियर और पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे।

न्यूज़ सोर्स – गनपत लाल चौरसिया

Edited by – Sanjana Kumari.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments